Monsoon 2026 : समय पहले सक्रिय हुआ मानसून अंडमान में एंट्री, 26 मई तक पहुंच जाएगा केरल
उत्तर भारत में उमस भरी गर्मी करेगी परेशान, जानें कैसी रहेंगी मौसम की परिस्थितियां
Monsoon 2026 : देश के अधिकतर राज्य भीषण गर्मी से परेशान हैं। ऐसे में बंगाल की खाड़ी से राहत भरी खबर आई है। क्योंकि अंडमान में मानसून की एंट्री हो चुकी है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस बार अंडमान में करीब 6 दिन पहले मानसून पहुंच गया है। हालांकि यह कोई पैमाना नहीं है कि इसी गति से मानसून आगे बढ़ेगा।
हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि देश के दक्षिण छोर के राज्य केरल में मानसून इस बार 26 मई तक पहुंच सकता है। अंडमान और बंगाल की खाड़ी में मानसून समय पहले पहुंच गया है, लेकिन आगे किस गति से बढ़ेगा, यह देखने वाली बात है। वहीं मानसून जैसे जैसे आगे बढ़ेगा भीषण गर्मी के साथ उत्तर भारत के राज्यों में उमस भी बढ़ेगी।
जल्दी बारिश उम्मीद
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि जिस प्रकार मानसून आगे बढ़ रहा है,ऐसे में जल्दी बारिश आने की उम्मीद है। ऐसे में भीषण गर्मी के बीच यह खबर बहुत ही राहत भरी है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने तय समय से पहले और तेजी से आगे की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि 26 मई के आसपास मानसून केरल पहुंच जाएगा।
मुंबई में कब पहुंचेगा मानसून
जिस प्रकार फिलहाल मानसून की चाल है, इससे साफ है कि इस बार मुंबई में भी मानसून जल्दी पहुंच सकता है। क्योंकि मानसनू ने अंडमान और बंगाल की खाड़ी में कुछ पहले अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। इससे उम्मीद है कि जल्द ही बारिश शुरू हो सकती है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि 10 जून मानसून मुंबई पहुंच सकता है।
फिलहाल क्या है मानसून की स्थिति
मौसम विभाग द्वारा मानसनू को लेकर दी गई जानकारी में कहा गया है कि फिलहाल अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में मानसून की सक्रियता देखी जा रही है। 16 मई को मानसून इन क्षेत्रों में प्रवेश कर चुका है। इसके अलावा संयुक्त निकोबार द्वीप समूह अंडमान द्वीप समूह के भी कुछ क्षेत्र मानसून के प्रभाव में आ चुके हैं। ऐसे में उम्मीद है कि अगले सप्ताह के शुरूआती दिनों में मानसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान क्षेत्र के अधिकतर हिस्सों को कवर कर लेगा।
5 जून तक पहुंच जाएगा महाराष्ट्र तक
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून 5 जून तक महाराष्ट्र पहुंच जाएगा। इसके बाद 10 जून तक मुंंबई में आने की संभावना है। हालांकि अंडमान में मानसून इस बार सामान्य दिनों के मुकाबले करीब 6 दिन पहले आ चुका है। इससे यह तय नहीं किया जा सकता है कि देश के अन्य हिस्सों में भी मानसून पहले ही पहुंचेगा।
मौसम में आ रहे परिवर्तन के कारण मानसून प्रभावित भी हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले साल यानी 2025 में 25 मई को मानसून महाराष्ट्र पहुंचा था। हालांकि अगले सप्ताह में महाराष्ट्र में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
कहां कहां हो सकती है बारिश
मानसून के प्रभाव के कारण अगले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के आसार बन सकते हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि देश के पूर्वोत्तर क्षेत्रों के साथ-साथ, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल के उप हिमालय क्षेत्र और सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल के साथ कर्नाटक में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इनमें कुछ स्थानों पर तो बहुत तेज बारिश भी हो सकती है।
उत्तर भारत में हीटवेव का दौर जारी
वहीं उत्तर भारत को लेकर मौसम विभाग ने अभी गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई है। चूंकि दिल्ली, हरियाणा और साथ लगते राजस्थान के कुछ क्षेत्र में अभी तेज धूप के साथ लू की स्थिति बनी रहेगी। हरियाणा के दक्षिण और पश्चिमी क्षेत्रों में गर्मी का असर अधिक रहने वाला है। इसमें सबसे अधिक प्रभावित जिलों में महेंद्रगढ़ए सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी में अगले 2 दिन भीषण गर्मी और लू की स्थिति रहेगी।










