Electric Bus : हरियाणा में प्रदूषण रहित यातायात की नई शुरूआत, 80 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी
अलग-अलग जिलों के लिए भेजी गई है बस, प्रदूषण पर बड़ा वार
Electric Bus : देश भर में बढ़ रहा ग्रीन एनर्जी का ट्रेंड अब हरियाणा में भी जोर पकड़ रहा है। इसके तहत हरियाणा सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करते हुए रोडवेज में 80 नई इलेक्ट्रिक बस शामिल की हैं। वीरवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बसों को हरी झंडी दिखाई।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पानीपत से 80 नई इलेक्ट्रिक बसों को अलग-अलग जिलों के लिए रवाना किया। सैनी ने कहा कि 80 नई इलेक्ट्रिक बसों से हरियाणा अब तेज गति से ग्रीन ट्रांसपोर्ट व्यवस्था में जुड़ रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री ने जोड़ा कि फिलहाल मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण जो भी परिस्थितियां बनी है, इससे पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ रही हैं।
इलेक्ट्रिक बसों की संख्या हुई 155
हरियाणा में फिलहाल नई 80 इलेक्ट्रिक बसों के रोडवेज बेडे में शामिल किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 155 हो गई है। क्योंकि पहले ही विभिन्न रोडवेज डिपो में 75 बस हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन से डीजल की बचत तो होगी ही, साथ ही प्रदूषण रहित यातायात सुविधा भी मिलेगी। इन बसों में विद्यार्थी भी यात्रा कर सकेंगे।
किस जिला को कितनी बस
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को पानीपत से प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए 80 बसों को रवाना किया। इसमें सबसे अधिक 40 बस अकेले पानीपत जिला को मिली हैं। वहीं यमुनानगर को 15, कुरुक्षेत्र और सोनीपत के को 10-10 एवं पंचकूला को 5 बस मिली हैं। कई जिलों में पहले से ही इलेक्ट्रिक बस चल रही हैं।
पानीपत में अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो
दरअसल प्रदेश सरकार द्वारा पानीपत में इलेक्ट्रिक बसों के लिए अत्याधुनिक बस डिपो तैयार किया है। इस पर 7 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इतना ही नहीं हरियाणा में 8 जिलों में भी इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाने की योजना है। यहां पर विशेष रूप से इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने की आधुनिक सुविधा रहेगी।
पीपीपी मोड पर शुरू होंगे ट्रैफिक स्टेशन
भविष्य की योजनाओं के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ाने के लिए विशेष योजना है। इसके तहत
प्रदेश के सभी जिलों से और शहर में इलेक्ट्रिक बस चलाई जानी हैं। इसके लिए पीपीपी पब्लिक प्राइवेट पाटर्नशिप मोड पर ट्रैफिक स्टेशन भी स्थापित होंगे। हालांकि फिलहाल यमुनानगर, पानीपत, पंचकूला, यमुनानगर और जैसे शहरों में सिटी बस के रूप में इलेक्ट्रिक बस चलाई जा रही हैं।
इलेक्ट्रिक बसों से होंगे खाटू श्याम और सालासर के दर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना को और भी अधिक विस्तार दिया जाना है। इसके तहत प्रदेश के दो महानरगों जैसे गुरुग्राम और फरीदाबाद में 650 स्टैंडर्ड फ्लोर एसी बसें शुरू होंगी। साथ ही चंडीगढ़-दिल्ली, एयरपोर्ट-गुरुग्राम व चंडीगढ़ से कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार और अमृतसर जैसे धार्मिक स्थलों के लिए 50 नई इलेक्ट्रिक बस खरीदने की तैयारी है।
हिसार में बन रहा इलेक्ट्रिक बस डिपो
इसी योजना के तहत सरकार हिसार में भी इलेक्ट्रिक बस डिपो का निर्माण कर रही है। हिसार में फिलहाल भी सिटी बस के रूप में इलेक्ट्रिक बस चल रही है। वहीं 3.09 एकड़ में नया बस डिपो बनाया जा रहा है। इसके निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। इस पर करीब 14 करोड़ रुपये की लागत आएगी। आने वाले दिनों में हरियाणा ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में बड़े कदम बढ़ाने की योजना बना रह है।










