Jind news : जींद बस स्टैंड परिसर में बड़ी कैंटीन होगी शुरू
यात्रियों को खाने-पीने की चीजों को मिलेगा बेहतर सामान
हरियाणा डायरी न्यूज। (Jind news) : जींद बस स्टैंड परिसर में पिछले लगभग तीन साल से खाली पड़ी कैंटीन की किराए के लिए बोली हुई है। बड़ी कैंटीन का मासिक किराया एक लाख 90 हजार रुपये और साथ में 18 प्रतिशत जीएसटी रहेगा। कैंटीन एक जून से शुरू होगी, जिसका अनुबंध 31 मार्च 2028 तक रहेगा।
ऐसे में यात्रियों को खाने-पीने के लिए चीजें मिल पाएंगी। कैंटीन लंबे समय से खाली होने के कारण सर्दियों में रैन बसैरा तो गर्मियों में हैप्पी कार्ड रखने के लिए प्रयोग किया जा रहा था। 21 मई को कैंटीन के लिए बस स्टैंड परिसर में बोली हुई थी, जिसमें से बड़ी कैंटीन अब अलाट हो चुकी है। इस समय जींद नए बस स्टैंड की दुकानों में से एक में एटीएम, एक में सैलून, एक जूस कार्नर, एक दुकान में बेबी फीड सेंटर चल रहा है।
बता दें कि पांडू पिंडारा में 32 करोड़ रुपये की लागत से नए बस स्टैंड का निर्माण करवाया गया है। नए बस स्टैंड के प्रथम तल पर महाप्रबंधक कार्यालय, चालकों-परिचालकों के लिए डोर मैटरी जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जबकि भूतल पर संस्थान प्रबंधक कार्यालय, पूछताछ कार्यालय, सहित 17 दुकान बनाई गई हैं। वहीं पुरानी वर्कशाप में केवल एक ही बड़ी कैंटीन थी, जहां यात्रियों के लिए खाने-पीने का सामान मिल जाता था, लेकिन बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए दो बड़ी कैंटीन बनाई गई हैं, जिसमें से बड़ी कैंटीन खाली पड़ी थी, जो अब किराए पर चढ़ गई है।
Jind news: पार्किंग की नहीं बन पाई बात
बस स्टैंड परिसर में यात्रियों के लिए बनी पार्किंग अभी भी किराये पर नहीं चढ़ पाई है। पार्किंग भी लंबे समय से खाली पड़ी है। इस कारण यात्रियों के दो पहिया वाहन चोरी होने का डर बना रहता है। अप्रैल 2025 में नए बस अड्डा पर पार्किंग का ठेका अलाट किया गया था। इसके बाद बाइकों के चोरी होने की घटनाओं पर अंकुश लगा था, लेकिन ठेकेदार द्वारा बीच में ही छोड़ने के बाद चोरी खतरा बना है। पिछले साल बस स्टैंड परिसर में बूथ के सामने खड़ी एक परिचालक की बाइक भी चोरी हो गई थी।
Jind news: बड़ी कैंटीन होगी शुरू
बस स्टैंड परिसर में बड़ी कैंटीन किराये पर चढ़ गई है। एक जून से कैंटीन शुरू होगी। इससे यात्रियों को खाने-पीने की चीजों के लिए सामान मिल पाएगा। अभी पार्किंग अलाट नहीं हुई है। इसके लिए भी कर्मचारी प्रयासरत हैं। हालांकि अभी एक कर्मचारी की ड्यूटी पार्किंग में लगा रखी है, जो वहां वाहनों का ध्यान रखता है।
–राहुल जैन, रोडवेज महाप्रबंधक जींद डिपो।










