Hisar Master Plan : साल 2041 तक बदल जाएगा हिसार का नक्शा, आसमान छूएंगी इमारतें
अब जमीन नहीं, ऊंचाई में बढ़ेगा हिसार
हरियाण डायरी, हिसार। (Hisar Master Plan 2041) : हरियाणा में तेजी से विकसित होते शहर हिसार का मास्टर प्लान 2041 सामने आया है। साल 2041 तक हिसार की आबादी करीब 13 लाख तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के लिए नया मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिसमें हाईराइज बिल्डिंग, ग्रुप हाउसिंग, चौड़ी सड़कें, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम पर फोकस किया जाएगा।
फिलहाल हिसार की आबादी लगभग 3.80 लाख के आसपास मानी जा रही है, लेकिन अगले 15 से 20 वर्षों में यह आंकड़ा तीन गुना से ज्यादा बढ़ सकता है। बढ़ती आबादी के दबाव को संभालने के लिए अब शहर को क्षैतिज नहीं बल्कि वर्टिकल डेवलपमेंट मॉडल पर विकसित करने की तैयारी है।
Hisar Master Plan 2041 : साउथ साइड बनेगा नया ग्रोथ सेंटर
मास्टर प्लान के अनुसार शहर का विस्तार अब दक्षिण दिशा की ओर तेजी से किया जाएगा। माना जा रहा है कि सिरसा रोड और दिल्ली बाईपास की बजाय साउथ ज़ोन में नए सेक्टर, मल्टीस्टोरी फ्लैट्स और ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट्स विकसित होंगे। इससे ट्रैफिक दबाव कम होगा और शहर को व्यवस्थित तरीके से फैलाया जा सकेगा।
नई योजना में बहुमंजिला इमारतों को प्राथमिकता दी जाएगी। शहर में 9 से 11 मंजिल तक की मल्टीस्टोरी बिल्डिंग और ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट्स को अनुमति देने की तैयारी है। खासकर सेक्टर 1 से 4 और सेक्टर 14 के आसपास ऐसे प्रोजेक्ट्स ज्यादा विकसित किए जा सकते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि सीमित जमीन पर ज्यादा लोगों को बसाने के लिए हाईराइज मॉडल सबसे बेहतर विकल्प बन चुका है। इससे पार्किंग, सीवरेज, सड़क और अन्य सुविधाओं को भी आधुनिक तरीके से विकसित किया जा सकेगा।
Hisar Master Plan 2041 : एफएआर नीति से मिलेगा बड़ा फायदा
नई नीति में FAR (Floor Area Ratio) को भी अहम भूमिका दी गई है। इसके तहत एक प्लॉट पर ज्यादा निर्माण की अनुमति मिल सकेगी। यानी कम जमीन में अधिक फ्लोर बनाकर ज्यादा लोगों को आवास उपलब्ध कराया जा सकेगा। इस नीति का फायदा बिल्डर्स के साथ-साथ आम लोगों को भी मिलेगा, क्योंकि भविष्य में फ्लैट संस्कृति और ग्रुप हाउसिंग की मांग तेजी से बढ़ने वाली है।
Hisar Master Plan 2041 : ट्रैफिक और इंफ्रास्ट्रक्चर पर रहेगा फोकस
2041 मास्टर प्लान में केवल मकान ही नहीं, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। नई सड़कों, फ्लाईओवर, पार्किंग ज़ोन, जल निकासी, सीवरेज और ग्रीन एरिया पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय रहते शहर की प्लानिंग नहीं की गई तो आने वाले वर्षों में हिसार को ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थित कॉलोनियों और बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
नई योजना से साफ है कि आने वाले वर्षों में हिसार का नक्शा पूरी तरह बदलने वाला है। खेतों और खाली जमीनों की जगह अब ऊंची इमारतें, आधुनिक टाउनशिप और स्मार्ट सुविधाएं नजर आएंगी। 2041 तक हिसार को हरियाणा के सबसे व्यवस्थित और आधुनिक शहरों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।










