Haryana news : रेडक्रॉस का बड़ा फैसला, आधार अपडेट से लेकर मेडिकल टेस्ट तक सब एक ही छत के नीचे
हरियाणा डायरी, चंडीगढ़।
Haryana news : हरियाणा के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब आधार कार्ड में नाम, पता, मोबाइल नंबर या अन्य जरूरी जानकारी अपडेट कराने के लिए लोगों को दूर-दराज के केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जी हां, प्रदेश के हर जिले में स्थित रेडक्रॉस कार्यालयों में आधार कार्ड अपडेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही जरूरतमंद और गरीब लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने के लिए रेडक्रॉस कार्यालयों में मेडिकल टेस्टिंग लैब भी स्थापित की जाएंगी, जहां कम खर्च या नि:शुल्क जांच की सुविधा मिलेगी।
यह जानकारी राज्य स्तरीय युवा रेडक्रॉस ओरिएंटेशन कार्यशाला के दौरान भारतीय रेडक्रॉस समिति, हरियाणा शाखा के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने दी। मिगलानी ने बताया कि सरकार द्वारा अधिकृत एजेंसियों के सहयोग से जिला रेडक्रॉस कार्यालयों में आधार अपडेट केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इसका सीधा लाभ होगा।
Haryana news : गरीबों को मिलेगी सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य जांच
रेडक्रॉस कार्यालयों में मेडिकल टेस्टिंग लैब शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी। अभी कई बार लोगों को सामान्य जांच के लिए निजी लैबों में अधिक शुल्क चुकाना पड़ता है, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद जरूरतमंद लोगों को सस्ती दरों पर या नि:शुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और बेहतर होगी।

पदाधिकारियों ने कहा कि जिला रेडक्रॉस कार्यालयों में टेस्टिंग लैब शुरू होने से गरीब परिवारों को महंगी लैबों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। रक्त जांच, शुगर टेस्ट, सामान्य स्वास्थ्य जांच और अन्य आवश्यक परीक्षण स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
Haryana news : बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष पहल
कार्यशाला में बताया गया कि रेडक्रॉस की विभिन्न जिला शाखाओं और भारत सरकार के उपक्रमों के सहयोग से बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल तथा अन्य सहायक उपकरण नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। समाज के कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं।
रेडक्रॉस की जिला इकाइयों द्वारा युवाओं के बीच नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में नशा मुक्ति सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवा वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके। इसके अलावा टीबी, कुपोषण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर भी जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
राज्य स्तरीय युवा रेडक्रॉस ओरिएंटेशन कार्यशाला में प्रदेश के 16 राजकीय और निजी विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों, कार्यक्रम समन्वयकों और युवा रेडक्रॉस काउंसलरों ने भाग लिया। इस दौरान समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, आपदा प्रबंधन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।










