Haridwar Traffic Jam: पर्यटकों की भीड़ से हांफ रही हरिद्वार और मसूरी की सड़कें, जाम में लोग हुए हलकान

गर्मियों की छुट्टी और वीकेंड पर दूसरे राज्यों से आए पर्यटकों के कारण भारी जाम, सड़कों पर फंसे सैकड़ों वाहन

Haridwar Traffic Jam: स्कूलों में गर्मियों की छुट्टी और वीकेंड के कारण इस बार उत्तराखंड के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। इसके कारण रविवार को उत्तराखंड के हरिद्वार और मसूर में भारी ट्रैफिक जाम रहा। इससे जहां घूमने आए लोग अपनी गाड़ियों में सड़कों पर फंसे रहे, वहीं दूसरी ओर यातायात पुलिस को भी रास्ता बनाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।

यूं तो हर सप्ताह के अंत में हरिद्वार जैसे क्षेत्रों में भारी संख्या में लाेग उमड़ते हैं, हैं, लेकिन गर्मियों की छुट्टी होने के कारण लोग बच्चों के साथ घूमने के लिए और भी अधिक लोग पहुंचे हैं। इसके कारण रविवार को हरिद्वार व मसूरी की सड़कें जाम से त्रस्त दिखी। विशेषकर जो लोग रविवार को हरिद्वार पहुंचे, उनका पूरा दिन सड़कों पर ही बीत गया।

मिनटों का सफर घंटों में

वाहनों के दबाव के कारण हरिद्वार की सड़कों पर चारों ओर वाहनों का सैलाब उमड़ा रहा। जो सफर मिनटों में होता है, उसको तय करने में लोगों को घंटों लग गए। हरिद्वार में प्रवेश करने के बाद लोगों को अपने होटल या धर्मशाला तक पहुंचने के लिए कई घंटे तक जाम में फंसा रहना पड़ा। जाम का रौद्र रूप शंकराचार्य चौक, चंडी घाट चौक, पंतद्वीप पार्किंग और उत्तरी हरिद्वार जैसे क्षेत्रों में देखा गया।

हरियाणा व दिल्ली से पहुंचे हैं अधिकतर लोग

हरिद्वार में हालांकि पर्यटकों की भीड़ पूरा साल रहती है, लेकिन स्कूलों की छुट्टी के कारण इस बार हरियाणा और दिल्ली से भारी संख्या में लोग पहुंचे हैं। इसके कारण हरिद्वार और ऋषिकेश में भारी भीड़ रही। होटल संचालक प्रमोद कुमार के अनुसार उनके पास दिल्ली से 25 लोगों के 3 ग्रुप ने कमरे बुक किए हैं। जाम के कारण बार-बार वे फोन करके स्थिति बता रहे हैं। इनको सुबह 11 बजे आना था, लेकिन दाेपहर 2 बजे तक भी नहीं पहुंच पाए।

वाहनों से पैक हुई पार्किंग नहीं मिल रही जगह

दरअसल कोई भी पर्यटक अपने होटल या धर्मशाला के पास ही पार्किंग की सुविधा चाहता है, लेकिन हरिद्वार में हरकी पैड़ी के पास कोई भी पार्किंग खाली नहीं है। हरियाणा के सिरसा से अपने परिवार के साथ घूमने आए अनिल कुमार के अनुसार करीब 1 घंटे तक जाम में फंस रहने के बाद वे पार्किंग तक पहुंच तो गए, लेकिन गाड़ी खड़ी करने की जगह नहीं मिली। इसके बाद फिर से हाईवे पर चढ़े और धर्मशाला से करीब 2 किलोमीटर दूर गाड़ी खड़ी करने की जगह मिली।

लंबे समय से सुनसान रहा है हरिद्वार

हालांकि हरिद्वार लंबे समय से सुनसान रहा है। हरिद्वारा में होटल संचालक प्रमोद कुमार के अनुसार अब सीजन शुरू हुआ है, लेकिन शुरूआत में ही इस प्रकार की अव्यवस्था के कारण पर्यटकों पर बुरा असर पड़ता है। पिछले कुछ महीने से काम नहीं था। स्कूलों में गर्मियों की छुट्टी के साथ ही पर्यटक आने शुरू होते हैं और फिर सावन महीने में कांवड़ियों की यात्रा चलती है। इस बार शुरूआत में ही जाम के कारण कारोबार पर असर पड़ेगा।

हाईवे के साथ बाजार भी पैक

हरिद्वार व ऋषिकेश में सिर्फ हाईवे ही नहीं बाजार भी पूरी तरह पैक रहे। दिन के समय गर्मी होने के बावजूद जिन लोगों को गाड़ियां खड़ी करने की जगह मिली, वे अपनी सुविधा के अनुसार बाजारों में निकले। दोपहर 2 बजे ही गंगा नदी के किनारे सभी बाजारों में भारी भीड़ रही।
इसके कारण स्थानीय लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।

अधिकारियों ने माना अधिक भीड़ से हुई अव्यवस्था

हालांकि दिन भर पुलिस जाम खुलवाने के लिए मुस्तैदी से डटी रही, लेकिन स्थिति काबू में नहीं आई। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने भी माना कि गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे हैं। एकदम से दाबव अधिक होने के कारण अव्यवस्था हुई है। हालांकि पुलिस हर जगह तैनात है और जाम खुलवाया जा रहा है। ऐसी स्थिति में सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। इससे जाम जल्दी खुलेगा।

मसूरी के सभी चौराहों पर जाम

दूसरी ओर उत्तराखंड के मसूरी में भी जाम काफी अधिक रहा। रविवार सुबह से ही जाम की स्थिति रही। विशेषकर मसूरी-देहरादून मार्ग पर सभी चौराहों पर गाड़ियां फंसी रही। हालांकि कुछ जगह पर गलत जगह पर पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनी। स्थानीय लोगों के साथ गई जगह पर पर्यटकों ने भी सड़क किनारे गाड़ियां पार्क कर दी। इसके कारण लोगों को घंटों जाम में बिताने पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button