Police Action Traffickers : हरियाणा में नशा तस्करों पर बुलडोजर एक्शन, नरवाना की चमेला कॉलोनी में 27 निर्माणों पर कार्रवाई
पुलिस ने 2 टूक कहा नशा बेचने वालों पर होगी सख्ती
Police Action Traffickers : हरियाणा पुलिस ने नशा तस्करों पर एक बार कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई हुई है हरियाणा के जींद जिला के नरवाना उपमंडल में। पंजाब सीमा से सटे नरवाना की चमेला कॉलोनी नशा तस्करी के लिए काफी चर्चित रहती है। ऐसे में पुलिस ने मंगलवार 9 जून को यहां पर बुलडोजर एक्शन किया।
पुलिस ने साफ किया कि सरकार और पुलिस विभाग नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। हालांकि इस कार्रवाई को अब तक का सबसे बड़ा एक्शन माना जा रहा है। क्योंकि नरवाना की चमेला कॉलोनी में आए दिन नशा तस्करी के मामले आते रहते हैं। ऐसे में पुलिस ने नशा तस्कारों की कमर तोड़ने के लिए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
अवैध कब्जों पर हुई कार्रवाई
जिला पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा सरकार और पुलिस महानिदेशक द्वारा नशा मुक्त मुहिम शुरू की गई है। इसके तहत ही जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ यह कार्रवाई की है। नरवाना में लंबे समय से लोग इस प्रकार की कार्रवाई की मांग कर रहे थे। ऐसे में मंगलवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जो लोग नशा तस्करी करते हैं, उन्होंने अवैध कब्जे किए हुए हैं। उन्हीं अवैध कब्जों पर पुलिस ने बुलडोजर चलाया है।
पहले दिए गए थे नोटिस
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार नरवाना में हुई इस कार्रवाई के दौरान 27 निर्माण गिराए गए हैं। इसके लिए पहले ही कब्जाधारकों को नोटिस दिए गए थे। यहां किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने काफी पुख्ता प्रबंध किए थे। इसके तहत भारी पुलिस बल तैनात किया गया। नरवाना उपमंडल के तहत आने वाले सभी थानों से थाना प्रभारी यहां पर तैनात किए गए।
इसके अलावा सीआईए स्टाफ के साथ काफी बड़ी संख्या में महिला पुलिस को भी तैनात किया गया। साथ ही कार्रवाई की प्रक्रिया ड्यूटी मजिस्ट्रेट व तसीलदार की मौजूदगी में हुई। अधिकारियों ने बताया कि जिन 27 अवैध मकानों व अन्य निर्माणों को गिराया है, वहां रहने वालों को पहले ही नोटिस दिए गए थे।
नशा तस्करी में शामिल रहे हैं आरोपित
पुलिस ने बताया कि जिन लोगों के निर्माण व घरों पर बुलडोजर एक्शन लिया गया है, वे नशा तस्करी के अलावा अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल रहे हैं। यहां पर नशा तस्करी और अपराध से कमाए गए पैसे से निर्माण किए गए थे। इससे अपराधियों पर बड़ा संदेश जाएगा।
यह भी पढ़ें : हरियाणी गाने कॉलेज आली छोरी पर बवाल, कंडक्टरों की छवि पर वार, कार्रवाई की मांग
अपराध नहीं किया जाएगा सहन
इस दौरान नरवाना के डीएसपी कमलदीप सिंह राणा ने कहा कि पुलिस का संदेश साफ है कि किसी भी सूरत में अपराध को सहन नहीं किया जाएगा। पुलिस न तो किसी को गलत करने देगी और न ही किसी के साथ गलत होने देगी। जो लोग किसी भी अपराध में शामिल हैं, उनके लिए साफ संदेश हैं कि वे अपराध का रास्ता छोड़ दें।
पंजाब के साथ लगते क्षेत्र में अधिक है नशा
गौरतलब है कि जींद जिला का नरवाना क्षेत्र पंजाब के साथ लगता है। ऐसे में यहां पर सिंथेटिक नशे का कारोबार अधिक रहता है। पुलिस लगातार ऐसे लोगों पर नजर रखती है और उनके खिलाफ कार्रवाई हमेशा होती रहती है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नरवाना क्षेत्र पंजाब से सटा होने के कारण यहां पर तस्करी का कारोबार अधिक चलता है। पंजाब में नशा सप्लाई भी करते हैं। इसके अलावा राजस्थान और उत्तर प्रदेश से भी नशे की तस्करी होती है।
जींद में भी चली लंबी मुहिम
इससे पहले जींद में भी पुलिस व स्थानीय लोगों ने बुढ़ा बाबा बस्ती में नशा तस्करों के खिलाफ लंबी मुहिम चलाई थी। खासकर स्मैक बेचने वालों के खिलाफ स्वयं यहां के लोगों ने आंदोलन शुरू किया और पुलिस का साथ मिलने पर नशा तस्करी समाप्त हो गई। बुढ़ा बाबा बस्ती निवासी विजेंद्र ने बताया कि जो लोग नशा बेचते थे वे कॉलोनी छोड़ गए हैं।










