Canal bathing : नहर में नहाते मिले तो खानी पड़ सकती है जेल की हवा, एसपी ने दिए निर्देश

हरियाणा डायरी, जींद।
Canal bathing : हरियाण पुलिस ने नहरों में नहाने से होने वाले हादसों को रोकने के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। गर्मी के बढ़ते तापमान के साथ नहरों, तालाबों व अन्य जल स्रोतों में नहाने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी कुलदीप सिंह ने आमजन के लिए विशेष सुरक्षा एडवाइजरी जारी की गई है।

एसपी ने अभिभावकों से अपील की कि वह अपने बच्चों को नहरों व तालाबों में नहाने से रोकें। पुलिस का कहना है कि हर वर्ष गर्मियों के दौरान कई युवक व बच्चे बिना सुरक्षा उपायों के नहरों, तालाबों और अन्य गहरे जल स्रोतों में नहाने चले जाते हैं। इससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है। तेज बहाव, अधिक गहराई व पानी की सही जानकारी नहीं होने के कारण छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।

Canal bathing : जींद में इन जगहों पर होते हैं ज्यादा हादसे

बता दें कि पिछले साल नहर में नहाते समय 10 से ज्यादा युवकों की डूबने से मौत हो गई थी। ज्यादातर हादसे नरवाना के पास से गुजर रही भाखड़ा ब्रांच नहर, जींद से गुजर रही हांसी ब्रांच नहर और सफीदों से गुजर रही सुंदर ब्रांच नहर, अंटा हेड के पास ज्यादा हादसे होते हैं। भाखड़ा ब्रांच नहर में नरवाना बाईपास के नजदीक, मखंड, काकड़ौद समेत हिसार जिले की सीमा तक लोग नहर में नहाने के लिए जाते हैं।

जिला पुलिस कप्तान ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान रखें तथा उन्हें नहरों व गहरे पानी वाले स्थानों पर जाने से रोकें। युवाओं से भी आग्रह किया गया है कि मनोरंजन या सोशल मीडिया वीडियो बनाने के उद्देश्य से जोखिम भरे स्थानों पर नहीं जाएं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि नहरों में नहाना, नहर के किनारे बैठे कर शराब पीना या किसी अन्य प्रकार का नशा करके जल स्रोतों के आसपास बैठना न केवल खतरनाक है बल्कि कानूनन भी गलत है।

ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थानों, तालाबों व नहरों पर नियमित गश्त बढ़ाने तथा लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों व सामाजिक संगठनों के सहयोग से भी जागरूकता बढ़ाई जाए ताकि लोगों को संभावित खतरों के प्रति सचेत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button