Kanwar Yatra 2026 : दिल्ली में कांवड़ यात्रा की तैयारी, सरकार देगी कावड़ शिविरों को विशेष सहायता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दी जानकारी
Kanwar Yatra 2026 : कांवड़ यात्रा के लिए जहां एक ओर शिवभक्त तैयारी शुरू कर रहे हैं, वहीं दिल्ली सरकार ने भी तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए दिल्ली सरकार ने खास योजना बनाई है। ताकि शिव भक्तों को कोई परेशानी नहीं आए।
इस बार सावन महीने में शिवरात्रि 11 अगस्त को है। ऐसे में 30 जुलाई 2026 से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है। शिव भक्त हरिद्वार, ऋषिकेश और गंगोत्री जैसे स्थानों से पवित्र गंगाजल लेकर 11 अगस्त को सावन शिवरात्रि के मौके पर अपने नजदीकी मंदिरों में भगवान शंकर को जलाभिषेक करेंगे।
इतना ही नहीं दिल्ली सरकार ने व्यापक स्तर पर कांवड़ यात्रा की तैयारी शुरू कर दी हैं। इसके तहत यात्रा हर प्रकार से सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए कांवड़ समिति का भी पुनर्गठन किया जा चुका है। इसके लिए दिल्ली सरकार के संस्कृति और कानून मंत्री कपिल मिश्रा को अध्यक्ष नियुक्त करते हुए कार्य शुरू हुआ है। इसके अलावा इस समिति में 5 विधायकों को भी सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है।
यह विधायक होंगे समिति में शामिल
कांवड़ यात्रा के लिए गठित की गई समिति विशेष तौर पर कांवड़ शिवर के अलावा शिवभक्तों के लिए खास सुविधाओं का ध्यान रखेगी। इस समिति की अध्यक्षता जहां मंत्री कपिल मिश्रा करेंगे, वहीं इसमें 5 विधायक भी शामिल हैं। इनमें अनिल शर्मा, करैनल सिंह, अजय माहवार, संजय गोयल और उमंग बजाज को शामिल किया गया है।
कावड़ यात्रा समृद्ध सांस्कृतिक विरासत
दरअसल कांवड़ शिवरों को विशेष सहायता के लिए दिल्ली सरकार ने अपनी पहल शुरू कर दी है। क्योंकि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं कह चुकी हैं कि शिवभक्तों को बेहतर सुविधाओं के साथ सम्मानजनक वातावरण मिलेगा। क्योंकि उनका कहना है कि कांवड़ यात्रा केवल एक पारंपरिक धार्मिक आयोजन ही नहीं है। यह समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, अटूट सामाजिक समरसता और जनआस्था महोत्सव है।
दिल्ली में आने वाला हर कांवड़िया अतिथि
सरकार का साफ मानना है कि दिल्ली में आने वाला हर कांवड़िया अतिथि होगा। कांवड़ियों को इसी के अनुरूप व्यवस्थाएं भी दी जाएंगी। इसमें दिल्ली सरकार सेवा, श्रद्धा और सम्मान के साथ सत्कार करेगी। इसके लिए यातायात व्यवस्था से लेकर अन्य सभी प्रकार के प्रबंधन किए जाएंगे।
कांवड़ शिविरों में बिजली-पानी की सुविधा
दिल्ली सरकार ने फैसला लिया है कि शिवभक्तों के लिए लगने वाले कांवड़ शिविरों में बिजली-पानी जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इसके लिए मंत्री की अयक्षता में गठित की गई समिति सभी डीएम, दिल्ली पुलिस, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य के साथ अन्य विभागों के साथ बैठक करेगी। इस बैठक में कांवड़ियों की सुरक्षित यात्रा के लिए रूट प्रबंधन से लेकर, उनके लिए वाटरप्रूफ टेंट, चिकित्सा सुविधा, 24 घंटे बिजली-पानी को सुनिश्चित किया जाएगा।
दिल्ली में बढ़ी कांवड़ शिविरों की संख्या
दरअसल दिल्ली में पिछले 2 सालों में कांवड़ शिविरों की संख्या बढ़ी है। यहां विभिन्न संस्थाओं द्वारा शिवभक्तों के लिए विश्राम और भोजन की व्यवस्था की जाती है। क्योंकि दिल्ली में वर्ष 2024 के दौरान 170 कांवड़ शिविर स्वीकृत थे, वहीं पिछले साल यानी 2025 में इनकी संख्या 374 हो गई। ऐसे में यह वृद्धि काफी अधिक है। इन सभी के लिए व्यवस्था सरकार द्वारा सुनिश्चित की जाती हैं।
मिलती है आर्थिक सहायता
दरअसल दिल्ली सरकार ऐसे शिविरों के संचालन के लिए आर्थिक सहायता भी देती है। यह सहायता यहां आने वाले शिवभक्तों के अनुरूप होती है। हालांकि पहले इसके लिए टेंडर प्रक्रिया होती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है। पंजीकृत शिविरों के लिए सरकार द्वारा सीधे बैंक खातों में राशि भेजी जाती है।
यह राशि 50,000 रुपये से लेकर 11 लाख रुपये तक होती है। हालांकि इसमें से 50 प्रतिशत राशि पहले ही दे दी जाती है। इसके अलावा ऐसे शिविरों के लिए बिजली की व्यवस्था के तहत 1200 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाती है।
इसके लिए सरकार की ओर से अस्थाई मीटर की सुविधा है। इसमें भी संस्थाओं को सिक्योरिटी राशि का 75 प्रतिशत छूट के रूप में लाभ दिया जाता है।










