Haryana News : हरियाणा में तालाबों पर कब्जा करने वालों की खैर नहीं, 22 जुलाई तक मांगी सभी डीसी से रिपोर्ट
हरियाणा डायरी, चंडीगढ़।
Haryana News : हरियाणा में तालाब और जलाशयों पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं है। सरकार तालाबों और जलाशयों को बचाने की दिशा में अहम कदम उठा रही है और इसके तहत जिस भी गांव में तालाब पर कब्जा किया हुआ है, वहां बुलडोजर अभियान चलाते हुए सभी तालाब कब्जामुक्त किए जाएंगे।
इसे लेकर हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण (HPWWMA) ने सभी जिलों के डीसी को पत्र लिखकर 22 जुलाई तक रिपोर्ट मांगी गई है कि किस गांव में तालाबों पर कब्जे की क्या स्थिति है। प्राधिकरण ने सभी जिलों के उपायुक्तों से कहा है कि तालाबों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई तेज की जाए और इसकी स्टेटस रिपोर्ट 22 जुलाई 2026 तक मुख्यालय को भेजी जाए। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Haryana news : मॉडल तालाब और अमृत सरोवर भी जांच के दायरे में
सरकारी निर्देशों के अनुसार, अमृत सरोवर योजना और मॉडल तालाब योजना के तहत विकसित किए गए तालाबों की भी जांच की जाएगी। प्रदेश में ऐसे 200 से अधिक तालाब चिन्हित किए गए हैं, जहां अतिक्रमण की शिकायतें सामने आई हैं। सरकार का कहना है कि तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराना प्राथमिकता है, क्योंकि ये जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
Haryana news : अधिकारियों की तय होगी जिम्मेदारी
सभी जिला प्रशासन, पंचायत विभाग, विकास एवं पंचायत अधिकारियों और संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों के तालाबों का सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। जहां भी अवैध कब्जा या निर्माण पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अधिकारियों को अपने क्षेत्र में तालाबों की स्थिति की जानकारी जुटाकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने और समय सीमा के भीतर मुख्यालय भेजने को कहा गया है।
Haryana news : लापरवाही पर हो सकती है कार्रवाई
सरकार ने चेतावनी दी है कि यदि किसी स्तर पर मामले को दबाने या कार्रवाई में देरी करने की कोशिश की गई तो संबंधित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। राज्य सरकार का उद्देश्य तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कर जल संरक्षण को बढ़ावा देना और ग्रामीण क्षेत्रों में जल संसाधनों को सुरक्षित रखना है।
Haryana News : तालाब की जमीनों पर किया है अवैध अतिक्रमण
बता दें कि सैकड़ों गांवों में तालाब के चारों और खाली पड़ी जमीन पर अवैध कब्जा कर के यहां उपले डाले जा रहें तो कहीं पर ट्रैक्टर, ट्राली व दूसरे उपकरण खड़े किए जा रहे हैं। कुछ जगहों पर ईंटों की कच्ची चारदीवारी निकालकर मवेशियों को बांधा जा रहा है। सरकार ने इसे भी अवैध कब्जे की कैटेगरी में गिना है और अब इन अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलने जा रहा है।










