Roadways AC Bus time : जींद से हिसार-करनाल जाने वालों के लिए राहत, AC बस सेवा बनी पसंदीदा विकल्प
हरियाणा डायरी, जींद। : बढ़ती गर्मी के चलते यात्री ज्यादातर एसी बसों (Haryana Roadways AC Bus time) में सफर करना पसंद कर रहे हैं। जींद डिपो में 10 एसी बस हैं, जो चंडीगढ़ व गुरुग्राम रूट पर चल रही हैं। वहीं दूसरे डिपो की जो एसी बस जींद होकर आगे अपने निर्धारित जगह पर जाती हैं, वे बस जींद के यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक साबित हो रही हैं।
करनाल से वाया जींद होकर हिसार जाने वाली बस भी जींद के यात्रियों को काफी भा रही है। सुबह लगभग साढ़े 10 बजे करनाल से बस चलकर दोपहर 12 बजकर 20 मिनट तक जींद पहुंच जाती है। यहां 10 मिनट ठहराव के बाद बस आगे हांसी व हिसार की ओर जाती है। हिसार से बस दोपहर बाद साढ़े तीन बजे चलती है, जो शाम को साढ़े पांच बजे जींद पहुंचती है। यहां से बस असंध होते हुए रात लगभग साढ़े सात से पौने आठ बजे के बीच करनाल पहुंचती है।
Roadways AC Bus time : जींद से हांसी एसी बस किराया 90 रुपए, हिसार के 140 रुपए
जींद से एसी बस में हांसी का किराया 90 रुपये तो हिसार का किराया 140 रुपये है। वहीं एसी बस में जींद से असंध का किराया 85 रुपये और करनाल तक का किराया 160 रुपये लगता है। जींद से साधारण रोडवेज या परिवहन समिति की बस में हांसी तक का किराया 55 रुपये और हिसार का किराया 90 रुपये लगता है। वहीं जींद से असंध का किराया 55 और करनाल का किराया 95 रुपये लगता है।
परिवहन समिति की असंध रूट पर 16 और हांसी रूट पर 26 बस चलती हैं। इसके अलावा रोडवेज बसों की संख्या दोनों रूट पर लगभग 10 से 12 है। बढ़ती गर्मी के चलते यात्री साधारण रोडवेज बसों की जगह एसी बसों में सफर करने को लेकर तवज्जो दे रहे हैं। हालांकि एसी बसों में रोडवेज साधारण बसों की अपेक्षा किराया ज्यादा है, लेकिन इस समय गर्मी ज्यादा है।
ऐसे में लोग एसी बसों में आरामदायक सफर करना पसंद कर रहे हैं। डिपो में इस समय 10 एसी बस हैं, जो चंडीगढ़, गुरुग्राम व दिल्ली जैसे लंबे रूट पर चल रही है। एसी बसों में यात्रियों की सुविधा के लिए फ्रेशनर, डस्टबिन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। 10 एसी बसों में से दो बस सफीदों व एक बस नरवाना उपकेंद्र में है, जबकि सात बस जींद मुख्यालय पर हैं।
Roadways AC Bus time : यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने का प्रयास
जींद डिपो के जीएम राहुल जैन ने कहा कि रोडवेज का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दी जा सके। जींद डिपो में 10 एसी बस हैं, जो ज्यादातर गुरुग्राम व चंडीगढ़ रूट पर चलती हैं। वहीं दूसरे डिपो की कुछ एसी बसें भी वाया जींद होकर जाती हैं। गर्मी को देखते हुए यह यात्रियों के लिए काफी फायदेमंद है। करनाल डिपो की एक एसी बस वाया जींद होकर हिसार जाती है। ऐसे में यात्री हिसार व करनाल के लिए इस बस में सफर कर सकते हैं।










