Haryana news : सड़क पर डर का माहौल खत्म होगा, सुप्रीम कोर्ट ने दिए सख्त निर्देश
हरियाणा डायरी, चंडीगढ़
Haryana news : देश में सड़कों पर आवारा और खूंखार कुत्तों के काटने के बढ़ रहे मामलों पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्ती अपनाई है। सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिए हैं कि सड़कों पर डर का माहौल खत्म होना चाहिए और इसके लिए अगर खूंखार और खतरनाक कुत्तों का मारना भी पड़े तो ये कदम उठा लें, क्योंकि मासूम, बुजुर्गों की जिंदगी ज्यादा महत्वपूर्ण है।
दरअसल देशभर में बढ़ते आवारा कुत्तों के हमलों और मासूम बच्चों की मौतों के मामलों पर सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों को बिना डर के जीने का अधिकार है और यह अधिकार किसी भी हालत में खतरे में नहीं डाला जा सकता। कोर्ट ने सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले आक्रामक और खतरनाक आवारा कुत्तों को पकड़कर शेल्टर होम में रखने के निर्देश जारी किए हैं।
Haryana news : सड़क पर चलते समय आवारा कुत्तों का डर नहीं हो
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सड़कों पर खुले घूम रहे कुत्तों के कारण यहां से गुजरने वाले लोगों के मन में डर का माहौल पैदा होता है। इसके अलावा हजारों ऐसे मामले आ चुके हैं, जिनमें ये आवारा कुत्ते बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों पर हमला कर घायल कर चुके हैं। हर रोज देश में 10 हजार लोग डॉग बाइट का शिकार होते हैं। ऐसे में उचित कदम उठाना जरूरी हो गया है, क्योंकि व्यक्ति सड़क पर चलने से डरने लगे, तो यह उसके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है।
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि केवल कुत्तों को पकड़कर छोड़ देना समस्या का समाधान नहीं है। जिन कुत्तों का व्यवहार आक्रामक है और जो लोगों पर हमला कर रहे हैं, उन्हें शेल्टर होम में रखने की व्यवस्था की जाए। साथ ही नगर निगमों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि नसबंदी और वैक्सीनेशन अभियान तेजी से चलाया जाए।
Haryana news : आवारा कुत्तों से बचाव के लिए रखें ये सावधानी
- आवारा कुत्तों के झुंड के पास जाने से बचें
- बच्चों को अकेले बाहर खेलने न भेजें
- कुत्ते को देखकर घबराकर भागें नहीं
- काटने पर तुरंत साबुन से घाव धोकर डॉक्टर से संपर्क करें
- रेबीज वैक्सीन लगवाने में बिल्कुल देरी न करें
सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद अब नगर निगमों और स्थानीय प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। लोगों को उम्मीद है कि अब सड़कों पर घूम रहे खतरनाक कुत्तों की समस्या पर ठोस कार्रवाई होगी और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।










