Haryana Jungle Safari : इस राज्य में बनेगा विश्व का सबसे बड़ा जंगल सफारी पार्क
सरकार की योजना10 हजार एकड़ में जंगल सफारी बनाने की तैयारी
Haryana Jungle Safari : पर्यटन की अपार संभावनाओं को समेटे हुए हरियाणा प्रदेश में अब इन संभावनों को जमीन पर उतारा जाएगा। इसके लिए सरकार द्वारा बड़ी पहल की जा रही है। इसके तहत अरावली पर्वत श्रंखला में करीब 10 हजार एकड़ में जंगल सफारी बनाने की योजना तैयार की जा रही है। तैयार होने के बाद यह विश्व का सबसे बड़ा जंगल सफारी पार्क बन जाएगा। इससे पहले सबसे बड़ा जंगल सफारी पार्क यूएई में करीब 2 हजार एकड़ में है।
हरियाणा कुरुक्षेत्र की भूमि है और यहां जगह-जगह पर ऐतिहासिक व धार्मिक धरोहर फैली हुई हैं। इनको सरकार संवार कर नया रूप दे रही है। विशेषकर गीता जयंती के उपलक्ष्य में सभी ऐतिहासिक तीर्थों पर गीता जयंती के आयोजन किए जा रहे हैं। वहीं अब सरकार ने पर्यटन के क्षेत्र में बहुत बड़ी पहल की है। इसके तहत हरियाणा के गुरुग्राम व नूहं जिलों में 10 हजार एकड़ में जंगल सफारी पार्क बनाने की तैयारी है।
Haryana News : सरकार की यह योजना हरियाणा प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक सौंदर्य के साथ एडवेंचर टूरिज्म को नया आयाम देने का रोडमैप है। 10 हजार एकड़ में बनने वाला यह जंगल सफारी पार्क विश्व में सबसे बड़ा होगा। फिलहाल यूएई के शारजाह में सफारी पार्क करीब 2 हजार एकड़ में है। इसको ही विश्व का सबसे बड़ा सफारी पार्क माना जाता है।
दक्षिण हरियाणा में नूहं और गुरुग्राम जिलों के अलावा फरीदाबाद व महेंद्रगढ़ जिलों में भी अरावली पर्वत श्रंखला फैली हुई हे। हरियणा में बनने वाला यह जंगल सफारी पार्क यूएई के जंगल सफारी पार्क से पांच गुना बड़ा होगा। इससे हरियाणा के इस पर्यटन केंद्र को वैश्विक स्तर नई पहचान मिलेगी।

Haryana Jungle Safari : रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
हरियाणा सरकार की इस महत्वकांक्षी परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के भी अवसर बढ़ेंगे। जहां एक ओर स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, वहीं विदेशी पर्यटकों के आने से यहां पर होटल उद्योग में भी काफी तेजी आने की संभावना है। जंगल सफारी पार्क से होम-स्टे माडल के तहत यहां के रहने वालों की आय जरूर बढ़ेगी। ऐसे में सरकार का यह कदम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने वाला होगा।
Haryana Jungle Safari : जैव विविधता का महत्वपूर्ण केंद्र
हरियाणा के दक्षिणी क्षेत्र में स्थित अरावली पर्वत श्रंखला जैव विविधता का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। कुछ समय पहले हुए सर्वेक्षण के अनुसार इस क्षेत्र में 180 से अधिक पक्षियों की प्रजातियां, 15 स्थलीय जीव, 29 प्रकार के जलीय जीव और 57 प्रकार की तितलियां रहती हैं। इनमें से कई जीव ऐसे हैं, जो साधारणतौर पर हमारे आसपास नहीं दिखते। ऐसे में यह केंद्र लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगा।

Haryana Jungle Safari : शारजाह सफारी पार्क से आया आइडिया
दरअसल यह सफारी पार्क हरियाणा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सरकार की महत्वपूर्ण परियोजना है। इसको गुरुग्राम और नूंह की अरावली पर्वत श्रृंखला में विकसित किया जाएगा। अब यहां पर दुनिया की सबसे बड़ी परियोजना शुरू करने की तैयारी में हरियाणा सरकार है। हालांकि इस प्रकार का बड़ा क्यूरेटेड सफारी पार्क अफ्रीका में है और अफ्रीका से बाहर यह पार्क यूएई के शारजाह में है। अब इस प्रकार का जंगल सफारी पार्क हरियणा में बनने जा रहा है। ऐसे में स्वदेशी पर्यटकों को भी अब ऐसे सफारी पार्क को देखने के लिए दूसरे देश में जाने की जरूरत नहीं होगी। यहां पर हर्पेटेरियम, पक्षीशाला, चार क्षेत्र बड़ी बिल्लियों के लिए, शाकाहारी जानवरों के लिए एक बड़ा क्षेत्र, विदेशी पशु-पक्षियों के लिए एक क्षेत्र, एक पानी के नीचे की दुनिया, प्रकृति के रास्ते, पर्यटक, पर्यटन क्षेत्र, वनस्पति उद्यान, बायोम, भूमध्यरेखीय, उष्णकटिबंधीय, तटीय, रेगिस्तानी जैसे सभी प्रकार के नजारे एक ही जगह पर मिल सकेंगे।
Haryana Jungle Safari : शानदार लोकेशन
यह लोकेशन पर्यटकों के लिए भी बेहद शानदार होगी। दरसअल गुरुग्राम दिल्ली से सटा हुआ क्षेत्र है। वहीं इस क्षेत्र तक दिल्ली से पहुंचने के लिए शानदार कनेक्टिविटी भी है। यदि दूसरे राज्यों से भी पर्यटक दिल्ली आते हैं तो आसानी से इस क्षेत्र में पहुंच सकेंगे।
Haryana Jungle Safari : सभी औपचारिकता पूरी करने में लगी सरकार
इसको लेकर सरकार द्वारा भी सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। पिछले दिनों ही हरियाणा के वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल व केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की थी। इसको लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पहले चरण में 2500 एकड़ में जंगल सफारी विकसित करने की योजना है। इसका काम जल्द ही शुरू हो सकता है।










