Sapna Chaudhary: हरियाणवी डांस स्टार सपना चौधरी ने क्यों छोड़ा ससुराल, महिला कोर्ट में पहुंचा मामला
पति पर मारपीट के आरोप, वीर साहू के लिए कोर्ट ने दिया यह आदेश
Sapna Chaudhary: हरियाणवी डांस स्टार सपना चौधरी को लेकर बड़ी अपडेट आई है। हालांकि सपना चौधरी अपने जबरदस्त डांस प्रदर्शन के लिए हमेशा ही चर्चा में रहती हैं, लेकिन इस बार चर्चा उनकी निजी जिंदगी को लेकर है। क्योंकि पिछले कुछ दिन से चल रहे परिवार विवाद के बाद सपना चौधरी ने ससुराल छोड़ दिया है।
हरियाणवी गानों पर अपने जबरदस्त डांस के चलते हरियाणवी मनोरंजन उद्योग से लेकर बॉलीवुड तक अपनी खास पहचान बना चुकी सपना चौधरी पारिवारिक कारणों से काफी परेशानी चल रही हैं। सपना चौधरी ने इससे पहले पति वीर साहू पर मारपीट के आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवाया था। इसके बाद दिल्ली के द्वारका स्थित महिला कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है।
पत्नी से नहीं मिल सकते वीर साहू
इस मामले में दिल्ली के द्वारका स्थित महिला कोर्ट ने मंगलवार को सुनवाई के दौरान आदेश दिया था कि सपना चौधरी के पति वीर साहू अगली सुनवाई तक सपना चौधरी के संपर्क में नहीं आएंगे। यहां तक की वीर साहू के सपना चौधरी के घर या कार्यालय पर जाने पर भी रोक लगाई गई। (Sapna Chaudhary news)
सपना चौधरी की जताई सुरक्षा की चिंता
हालांकि पिछले कुछ दिनों से सपना चौधरी और पति वीर साहू का विवाद चल रहा था। इसको लेकर ही सपना चौधरी ने अदालत में याचिका लगाई और पति पर घरेलू हिंसा के आरोप भी लगे। महिला कोर्ट में दायर की गई याचिका में सपना चौधरी की ओर से कहा गया कि कई बार उनके साथ मारपीट हुई है।
घर में इस प्रकार के हालात होने के कारण ही उनको ससुराल भी छोड़ना पड़ा। अब सपना चौधरी की फिल्म मोमाकू भी रिलीज होने वाली है। ऐसे में फिल्म के प्रीमियर भी होने हैं। इसके चलते सपना को सुरक्षा की चिंता है। क्योंकि ऐसा हो सकता है कि फिल्म के प्रीमियर या अन्य किसी कार्यक्रम के दौरान विवाद हो सकता है।
किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं कर सकेंगे वीर साहू
इस मामले की सुनवाई के दौरान जब सपना चौधरी की वकील प्रीति सिंह ने सुरक्षा को लेकर चिंताएं जताई तो अदालत ने इसको गंभीरता से लिया। न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिंह की अदालत द्वारा आदेश दिया गया कि सपना चौधरी के पति वीर साहू अगली सुनवाई यानी 25 जुलाई तक किसी भी माध्यम से सपना चौधरी से संपर्क नहीं करेंगे। इसके लिए अदालत द्वारा स्थानीय पुलिस थाना और प्रोटेक्शन अधिकारी को भी आदेश दिया है कि अदालत के निर्देशों का पालन सुनिश्चित हो।
12 साल की उम्र में आई स्टेज पर
हालांकि कई बार अपने साक्षात्कार में सपना चौधरी जीवन के संघर्षों के बारे में बता चुकी हैँ। दिल्ली के नजफगढ़ में सपना चौधरी का जन्म 25 सितंबर 1990 को हुआ। आज सपना चौधरी हिंदी भाषी क्षेत्र में किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। हालांकि उन्होंने 12 साल की उम्र में स्टेज पर अपनी प्रस्तुति देनी शुरू कर दी थी।
देखते ही देखते सपना चौधरी का जादू दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार तक चलने लगा। शुरूआत में डांसर के तौर पर शुरूआत करने वाली सपना चौधरी गायन और अभिनय के क्षेत्र में भी आ चुकी हैं। सपना चौधरी ने अपने पिता के निधन के बाद करियर के तौर पर संगीत क्षेत्र को अपनाया और आज उनके गाए हुए कई हरियाणवी गीत सुपरहिट हैं। सपना चौधरी 2017 में बिग बॉस में भी हिस्सा ले चुकी हैं।
बॉलीवुड में भी चला हुनर का जादू
सपना चौधरी हमेशा ही अपनी कला के कारण चर्चित रही हैं। 2018 में फिल्म उन्होंने वीरे की वेडिंग में हट जा ताऊ से बॉलीवुड में अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की और इसके बाद कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2020 में वीर साहू से शादी की। वीर साहू हरियाणा के हिसार जिला के मदनहेड़ी गांव के रहने वाले हैं और हरियाणवी सिंगर और अभिनेता हैं। उनके 2 बेटे हैं।
मायके में रह रही है सपना चौधरी
पति के साथ हुए विवाद के बाद सपना चौधरी ने ससुराल छोड़ दिया है और वे नजफगढ़ में अपने मायके में रह रही हैं। अदालत में इस मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को निश्चित हुई है। ऐसे में वीर साहू अब 25 जुलाई तक किसी भी प्रकार से सपना चौधरी के संपर्क में नहीं आ सकेंगे।










