Sunflower Farmers : हरियाणा के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, सूरजमुखी के लिए दोबारा खुलेगा पोर्टल

किसानों की मांग पर सरकार का बड़ा फैसला, 60 दिनों के लिए दोबारा पोर्टल खोलने का फैसला

Sunflower Farmers : हरियाणा में सूरजमुखी की खेती करने वाले किसानों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। इसके लिए स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला में घोषणा की है। सूरजमुखी उत्पादक किसानों के लिए सरकार फिर से 60 दिन के लिए पोर्टल खोलेगी।

गौरतलब है कि इसके लिए पोर्टल खोलने की मांग किसान संगठनों द्वारा की गई थी। हरियाणा के किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने भी 20 मई को इसके लिए एक सोशल मीडिया पोस्ट डालते हुए सरकार से 2 दिन के लिए पोर्टल खोलने की मांग की थी। क्योंकि प्रदेश के कई सारे किसान ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कर पाए थे और ऐसे में वे दोबारा पोर्टल खोलने की मांग कर रहे थे।

किसान कर रहे थे आंदोलन

सूरजमुखी की खरीद नहीं होने के कारण किसान आंदोलन कर रहे थे। पिछले सप्ताह ही किसानों ने कुरुक्षेत्र के शाहबाद में लाडवा रोड को जाम करते हुए आंदोलन किया था। किसानों ने शाहाबाद में मंडी के जाम सूरजमुखी की खरीद शुरू करने की मांग की थी।

अदालत तक पहुंचा मामला

वहीं सूरजमुखी खरीद का मामला अदालत तक भी जा पहुंचा था। क्योंकि किसानों ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में इसको लेकर जनहित याचिका दायर की थी। भाकियू चढ़ूनी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश बैंस के अनुसार अदालत की डबल बेंच ने हरियाणा सरकार को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए थे। साथ ही इसको लेकर मंगलवार तक रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने को कहा था।

मुख्यमंत्री ने की घोषणा

ऐसे में शुक्रवार को पंचकूला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए सूरजमुखी खरीद के लिए पोर्टल अगले 60 दिनों के लिए दोबारा खोलने की बात की। इससे सूरजमुखी उत्पादक किसानों में खुशी की लहर है।

दरअसल किसान मांग कर रहे थे कि सूरजमुखी की खरीद 25 मई से शुरू की जाए, लेकिन आसपास के राज्यों में इसकी खरीद 1 जून से शुरू हो रही थी। ऐसे में हरियाणा में दूसरे राज्यों की सुरजमुखी आने का डर रहता है।

सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान कहा कि अलग-अलग कारणों से कुछ किसान सूरजमुखी बिक्री के लिए पंजीकरण नहीं पाए थे। अब प्रदेश सरकार ने इन किसानों के लिए दोबारा पोर्टल खोलने का फैसला लिया है। क्योंकि सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र किसान अपनी फसल बेचने से वंचित नहीं रहे।

अब 60 दिनों के लिए खोला जाएगा पोर्टल

मुख्ययमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरजमुखी खरीद के लिए पोर्टल 60 दिनों के लिए दोबारा खोला जाए। अब किसानों को पंजीकरण करवाने के लिए 2 महीने का समय और मिल गया है। गौरतलब है कि हरियाणा में मुख्य रूप से दो ही जिलों अंबाला और कुरुक्षेत्र में सूरजमुखी की खेती होती है। यह फसल मई के अंतिम सप्ताह में तैयार हो जाती है।

मुख्यमंत्री की अन्य घोषणाएं

पंचकूला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि सरकार पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कई परियोजनाएं लागू करने जा रही है। इसके तहत पिपली चिड़ियाघर का 70 करोड़ रुपये और भिवानी चिड़ियाघर का 25 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण करने की योजना है।

साथ में सरस्वती संरक्षण वन में 55 करोड़ रुपये की लागत से पक्षी विहार का निर्माण भी किया जाना है। इसके अलावा कलेसर राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटन के विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये से सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

1.50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य

इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बारिश के दौरान इस बार 1.50 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इसमें वन विभाग द्वारा 50 लाख पौधे निशुल्क वितरित करने की योजना है। अब सभी नर्सरियों में बायोडिग्रेडेबल बैगों में पौधे तैयार किया जाएगा। यह बैग पहले से प्रयोग में लाए जा रहे प्लास्टिक बैगों का स्थान लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button