Today Weather : हरियाणा सहित देश के इन राज्यों में आज फिर बारिश, गर्मी से राहत का दौर अभी 4 तक
4 जून को फिर बदलेगा मौसम, दक्षिण भारत में मानसून की सक्रियता से झमाझम
करनाल/रोहतक :
Today Weather : पिछले कई दिन तक भीषण तपिश के बाद मौसम में हुए बदलाव का दौर अभी चलेगा। क्योंकि मौसम विभाग ने आज यानी 1 जून 2026 को भी हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी से राहत का दौर 4 जून तक चलेगा। क्योंकि 4 जून को फिर से मौसम बदलने वाला है।
मौसम विभाग का कहना है आज 1 जून को हरियाणा सहित देश के 17 राज्यों में बारिश के साथ आंधी और तूफान आने की आशंका है। देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून भी सक्रिय है। इसका असर भी बारिश के रूप में दिख रहा है। हरियाणा की बात करें तो 28 मई से शुरू हुआ बदलाव अभी तक चल रहा है।
फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि 4 जून को फिर से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका प्रभाव बारिश के साथ आंधी के रूप में दिखेगा। हालांकि कुछ स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं। क्योंकि पाकिस्तान की ओर से आ रही दक्षिण-पश्चिमी हवाएं अपने साथ बारिश भी लाएंगी। हालांकि इस दौरान धूल भरी आंधी भी आ सकतती हैं। क्योंकि तेज हवाओं के साथ राजस्थान से रेत भी आएगा।
हरियाणा में बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यानी 1 जून को हरियाणा के 10 जिलों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मध्य हरियाणा विशेषकर कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र के साथ अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल और नूंह में बारिश के साथ आंधी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने अलर्ट दिया है कि 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक की तेज गति से आंधी चल सकती है। साथ ही बिजली चमकने और ओले गिरने की भी आशंका है।
भीषण गर्मी से राहत
मौसम में हुए बदलाव के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। क्योंकि हरियाणा में तापमान 46 डिग्री के भी पार चला गया था। रोहतक में सर्वाधिक 46.6 डिग्री तापमान लगातार दर्ज किया गया। वहीं अब लुढक कर कर तापमान 40 डिग्री से भी नीचे आ गया है। दिल्ली में ही अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया है।
तापमान में रहेगी गिरावट
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डा. एमएल खीचड़ के अनुसार अभी तापमान में गिरावट रहेगी। क्योंकि 4 जून को सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ का भी असर रहेगा। ऐसे में धान की पनीरी तैयार कर रहे किसानों के लिए यह मौसम काफी अच्छा है। जिन किसानों ने पनीरी तैयार की हुई है, वे इसमें खरपतवार नियंत्रण जरूर कर लें।
देश में कैसा रहेगा मौसम
वहीं देश भर के मौसम की बात की जाए तो मौसम विभाग ने 1 जून 2026 के लिए उत्तर भारत के राज्यों हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में बारिश बारिश की संभावना जताई है। वहीं दक्षिण भारत में अच्छी बारिश की संभावना है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, महराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगला, झारखंड, ओडिशा, और सिक्किम में बारिश की संभावना है।
मानसून के लिए अनुकूल बनी परिस्थितियां
वहीं मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण भारत में मानसनू के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। भारतीय मौसम विभाग यानी IMD के अनुसार मानसून अगले 3-4 दिन में दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु के कुछ और हिस्सों तथा बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ेगा। इसका प्रभाव केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप में बारिश के रूप में दिखेगा।
राजस्थान में सप्ताह भर बारिश
वहीं मौसम विभाग ने राजस्थान के लिए अनुमान दिया है कि अगले 1 सप्ताह तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है। हालांकि 1 जून को तेज तूफान आने की संभावना है। इसके कारण राजस्थान से रेत हरियाणा तक पहुंच सकता है। वहीं इस दौरान ओलावृष्टि की संभावना है, जिससे तापमान में काफी गिरावट आएगी।
उत्तराखंड में पर्यटकों की बढ़ सकती हैं परेशानी
उत्तराखंड में घूमने गए पर्यटकों की परेशानी भी मौसम के कारण बढ़ सकती हैं। क्योंकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक लगातार बारिश की संभावना है। ऐसे में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से आंधी भी चल सकती है। उत्तराखंड के मुख्य पर्यटक स्थल हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़, चमोली, टिहरी, रुद्रप्रयाग जैसे क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।










