Train Block : दिल्ली-अंबाला रेलवे ट्रैक पर 7 दिन का ब्लाक, 29 मई से कई ट्रेन होंगी प्रभावित
शाहाबाद मारकंडा और मोहरी स्टेशन पर कार्य के चलते ट्रैफिक ब्लाक
Train Block : अंबाला और दिल्ली के बीच भारतीय रेल से यात्रा करने वालों को थोड़ा सावधान होना होगा। क्योंकि इस रूट पर 7 दिन का ब्लाक आ रहा है। इस दौरान 10 से अधिक ट्रेन रद्द रहेंगी। अलग-अलग तारीखों में अलग-अलग ट्रेन के लिए शेड्यूल रेलवे द्वारा तैयार किया गया है। ऐसे में आप अपनी यात्रा की तारीख के अनुसार अपनी योजना बना सकते हैं।
दरअसल अंबाला-दिल्ली रेलवे सेक्शन देश के सबसे अधिक व्यस्त मार्गों में से है। क्योंकि यह मार्ग देश की राजधानी से पाकिस्तान बॉर्डर तक जाता है। इस दौरान कई महत्वपूर्ण और बड़े शहर इस रूट पर आते हैं। इस लिहाज से इस रूट पर यात्री गाड़ियों के साथ-साथ माल ढुलाई का कार्य भी काफी अधिक होता है।
जानें रेलगाड़ियों के रूट की जानकारी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यहां चलने वाले तकनीकी कार्य के कारण कुछ गाड़ियां रद्द हुई हैं तो कुछ के रूट में बदलाव हुआ है। इसके तहत गाड़ी संख्या 12311 नेताजी एक्सप्रेस को 29 मई से 3 जून के बीच दूसरे रूट से अंबाला लाया जाएगा। यह गाड़ी अब खुर्जा जंक्शन, मेरठ सिटी, सहारनपुर के रास्ते अंबाला पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 14079-14080 यानी दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस और गाड़ी नंबर 14507-14508 को 6 जून को रद्द किया गया है।
देरी से चलेंगी गाड़ी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गाड़ी नंबर 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस को आदर्श नगर दिल्ली-कुरुक्षेत्र के बीच 130 मिनट रोक कर चलाया जाएगा। यह व्यवस्था 29 मई से 3 जून तक रहेगी। इसके अलावा और दादर ट्रेन नंबर 11057 को अलग-अलग स्थानों पर रोक कर 105 मिनट देरी से चलाया जाएगा। गाड़ी संख्या 12919 मालवा एक्सप्रेस 30 मई से 4 जून तक आदर्श नगर दिल्ली और कुरुक्षेत्र जंक्शन के बीच 85 मिनट रोकी जाएगी। जबकि 14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस को करीब 70 मिनट रोक कर चलाने का शेड्यूल तैयार किया गया है।
इन ट्रेन का बदलेगा रूट
इसके अलावा जम्मू से झारखंड के टाटानगर तक चलने वाली गाड़ी संख्या 18101 मुरी एक्सप्रेस 29 मई, 31 मई व 3 जून को इसका रूट बदलकर चलाई जाएगी। दूसरी ओर से चलने वाली 18102 ट्रेन को 30 मई, 1 जून व 3 जून को रूट बदलकर चलाया जाएगा।
वहीं गाड़ी नंबर 18309 संभलपुर जम्मूतवी एक्सप्रेस के लिए 30 मई, 1 जून व 2 जून को रूट में बदलाव किया गया है। ट्रेन नंबर 11077 झेलम एक्सप्रेस को 29 मई से 3 जून तक लगातार दूसरे रूट से चलाने के लिए शेड्यूल बनाया गया है।
इसके साथ ही जम्मूतवी से संभलपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 18309 एक्सप्रेस ट्रेन के लिए 31 मई, 2 जून व 4 जून को रूट बदलकर चलाने का कार्यक्रम तैयार किया गया है। वहीं 6 जून को कई ट्रेन का रूट बदला गया है। इसमें ट्रेन नंबर 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस, 22430 पठानकोट-दिल्ली जंक्शन एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 14218 ऊंचाहार एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 12926 पश्चिम एक्सप्रेस शामिल हैं।
गाड़ी संख्या 12925 पश्चिम एक्सप्रेस के लिए 5 जून को रूट बदलकर चलाने की योजना है। 20434 जम्मू मेल, 12312 नेताजी एक्सप्रेस 30 मई से 4 जून तक अपने निर्धारित रूट से दूसरे रास्ते से चलेंगी। साथ ही गाड़ी संख्या 11078 झेलम एक्सप्रेस को जम्मू से 85 मिनट की देरी से रवाना किया जाएगा। यह व्यवस्था 30 मई से 4 जून चलेगी। वहीं कटरा से चलने वाली ट्रेन नंबर 12920 मालवा एक्सप्रेस को कटरा स्टेशन से ही 6 जून को 85 मिनट देरी से चलाया जाएगा। जबकि अमृतसर स्टेशन से गाड़ी नंबर 11058 दादर 6 जून को 130 मिनट देरी से चलाई जाएगी।










