Vinesh Phogat Comeback : जुलाना की विधायक विनेश फोगाट फिर से करेंगी कुश्ती में वापसी, अब राजनीति के अखाड़े के साथ मैट पर जोर

गोंडा में हाेने वाली नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के लिए करवाया रजिस्ट्रेशन

Vinesh Phogat Comeback : भारत की चर्चित महिला पहलवान और हरियाणा के जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट फिर से कुश्ती में वापसी करने जा रही हैं। 10 से 12 मई तक उत्तर प्रदेश के गोंडा में होने वाली नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के लिए उन्होंने अपना पंजीकरण करवाया है। ओलंपिक में पदक से चूकने और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के विवाद में वे काफी चर्चित रही हैं।

अब विनेश फोगाट ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में अपना पंजीकरण करवाया है। अब फिर से वे चर्चा में हैं, क्योंकि जहां यह टूर्नामेंट हो रहा है, वह क्षेत्र भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का गढ़ माना जाता है। हालांकि विनेश फोगाट ने कुश्ती से सन्यास लेने की घोषणा कर दी थी, लेकिन कुछ समय पहले उन्होंने फिर से कुश्ती में आने की बात कही थी। अब प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण करवाने से उनके इरादे साफ हो गए हैं।

टूर्नामेंट से पहले ही हो चुका है विवाद

हालांकि अभी टूर्नामेंट शुरू होना है, लेकिन इससे पहले ही विवाद हो चुका है। क्योंकि यह टूर्नामेंट हो रहा है, नंदिनी नगर महाविद्यालय में होने जा रहा है। यह कॉलेज बृजभूषण शरण सिंह द्वारा स्थापित किया गया था। इतना ही नहीं शरण के बेटे करण और प्रतीक भूषण इस महाविद्यालय के प्रबंधक हैं। विनेश फोगाट ने आरोप लगाया था कि भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) द्वारा उनका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं होने दिया जा रहा है। इससे विवाद हुआ था।

100 ग्राम वजन से चूक गई थी मेडल

गौरतलब है कि विनेश फोगाट ओलंपिक 2024 में महज 100 ग्राम वजन से मेडल गंवा बैठी थी। इससे पहले उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन अध्यक्ष बृजभूषण शरण के खिलाफ कथित तौर पर महिला पहलवानों के उत्पीडन का आराेप लगाया था। इसको लेकर लंबे समय तक दिल्ली में आंदोलन भी चला।

इसके बाद पेरिस ओलंपिक में मेडल जीतने पक्का करने के बाद भी वे वजन अधिक होने के कारण अयोग्य हो गई थी। अब विनेश फोगाट का पंजीकरण हो चुका है और इससे पहवानों को एशियन गेम्स के लिए चयन की ट्रायल का मौका मिल सकता है।

करीब 6 महीने पहले ही वापस लिया सन्यास का फैसला

विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक के प्रकरण के बाद राजनीति में कदम रखा और कांग्रेस ने उन्हें हरियाणा के जुलाना विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा। विनेश फोगाट जुलाना विधानसभा क्षेत्र के गांव में ही शादीशुदा हैं। ऐसे में उन्होंने शानदार जीत दर्ज की। पिछले साल यानी दिसंबर 2025 में विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास की घोषणा काे वापस लेते हुए फिर से दम दिखाने का फैसला लिया।

31 की उम्र में फिर से मैट पर दहाड़ेगी हरियाणा की शेरनी

विनेश फोगाट फिलहाल करीब 31 वर्ष की हैं। हालांकि वे लंबे समय से कुश्ती में वापसी के लिए तैयारी कर रही हैं, लेकिन इसी बीच उन्होंने एक बेटे को भी जन्म दिया है। अब फिर से वे मैट पर दहाड़ने को तैयार हैं। जानकारों का मानना है कि विनेश फोगाट अब 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए अपने आप को तैयार कर रही हैं। ऐसे में वे नई ऊर्जा के साथ फिर से मैट पर लौट रही हैं। अब समय ही उनके प्रदर्शन का फैसला करेगा।

नई वजन कैटेगरी और नई चुनौतियां

हालांकि विनेश फोगाट अपने विधानसभा क्षेत्र में कम सक्रिय रहने के कारण भी चर्चित रहती हैं, लेकिन अब उन्होंने नई वजन कैटेगरी के साथ नई चुनौतियों को स्वीकार किया है। क्योंकि पेरिस ओलंपिक में उन्होंने 50 किलोग्राम भार वर्ग में कुश्ती लड़ी थी, लेकिन अब 57 किलोग्राम भार वर्ग में एंट्री की है। साथ ही उनके पास अपने बच्चे के साथ -साथ विधानसभा क्षेत्र और कुश्ती की तीन जिम्मेदारियां एक साथ आ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button