Weather Update : दक्षिण भारत में क्यों कम होगी मानसून की बारिश, अरब सागर में बनी यह खास परिस्थिति
उत्तर भारत में जारी रहेगा गर्मी का सितम, लगातार 40 के पार चल रहा है पारा
Weather Update : लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है। वहीं इस बार मौसम के बदलाव का असर अल नीनो के रूप में भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने पहले इसके लिए चेतावनी जारी कर दी थी। वहीं अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार मानसून के मौसम में दक्षिण भारत में वर्षा कम होने वाली है। इसका कारण है एक खास तरह की मौसम परिस्थिति।
मौसम संबंधित जानकारी एकत्रित करने वाली एजेंसी स्काईमेट का कहना है कि मौसम में बदलाव के चलते अब अरब सागर के ऊपर एक खास परिस्थिति बन गई है। इसके परिणाम स्वरूप मानसून की हवाएं कमजोर हो सकती हैं। परिणाम स्वरूप दक्षिण भारत में मानसून की बारिश कम होने की आशंका है।
अरब सागर में सक्रिय हो चुका है मानसून
वहीं दक्षिण भारत के लिए अच्छी खबर यह है कि अरब सागर में मानसून सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार दक्षिणी-पश्चिमी मानसून पिछले 3 दिन से आगे बढ़ रहा है। क्योंकि 3 दिन पहले ही श्रीलंका, संयुक्त अंडमान क्षेत्र इसकी जद में आ चुके हैं। संभावना जताई जा रही है इस बार मानसून दक्षिण भारत में जल्दी आएगा, लेकिन बारिश में कमी आ सकती है।
फिलहाल कैसा रहेगा मौसम
पहले से ही उत्तर भारत उत्तर -पश्चिमी हवाओं से तप रहा है। वहीं आने वाले दिनों में भी इसमें कोई राहत की संभावना नहीं है। क्योंकि अभी मौसम में कोई बदलाव के संकेत नहीं दिख रहे हैं। इसके परिणाम स्वरूप देश के उत्तरी राज्यों राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र तक भयंकर लू की चपेट में रहेंगे।
45 डिग्री से अधिक रहेगा तापमान
मौसम एजेंसी का कहना है कि इस दौरान तापमान में कोई कमी नहीं होनी है। इस दौरान तापमान में लगातार 45 डिग्री से अधिक रहेगा। हालांकि एक पश्चिमी विक्षोभ की संभावना बन रही है, लेकिन यह बहुत ही कमजोर है। ऐसे में इससे कोई खास लाभ होने वाला नहीं है।
पिछले तीन दिन की बात की जाए तो भारत के कुछ क्षेत्र विश्व के हीट मैप में जगह बना चुके हैं। क्योंकि उत्तर प्रदेश के बांदा में तापमान 48 डिग्री से अधिक पहुंच गया था। हालांकि इससे पहले भी मई में बांदा का तापमान 49 डिग्री तक जा चुका है। मई महीने की ही 15 तारीख को वर्ष 2022 में यह तापमान का रिकार्ड दर्ज हुआ था।
यह भी पढ़ें : ताकि गर्मी में पशुओं का दूध नहीं हो कम, ऐसे करें उपाय
हरियाणा में भी भीषण हीटवेव
उत्तर प्रदेश के साथ लगते हरियाणा में भी भीषण हीटवेव की स्थिति है। क्योंकि दिल्ली से सटे रोहतक में तापमान 46 डिग्री से अधिक तक पहुंच चुका है। वहीं दिल्ली के अधिकतर क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री से अधिक है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में तापमान 46 डिग्री के पार भी गया है। चंडीगढ़ जैसे शहर का तापमान 43 डिग्री से पार जा चुका है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 दिन हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश
के साथ महाराष्ट्र में भी मौसम इसी प्रकार बना रहेगा।
दक्षिण भारत में मानसून का असर
वहीं दक्षिण भारत में मानसून का असर दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अंडमान-निकोबार, केरल, तमिलनाडू, कर्नाटक में अच्छी बारिश की संभावना है। इसके अलावा देश के पूर्वी राज्यों जैसे मेघायल, असम, मिजोरम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के साथ पश्चिम बंगाल और सिक्किम के उप हिमालय क्षेत्र में बारिश हो सकती है।










