Haryana News : उचाना क्षेत्र को मिली 103 करोड़ की सौगातें, 6 जलमार्गों की रिमॉडलिंग, स्वास्थ्य केंद्र अपग्रेड
देखें सभी घोषणाएं, उद्घाटन व शिलान्यास

Haryana News : हरियाणा के जींद जिले के उचाना विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को दो तरह की बारिश हुई। एक बारिश आसमान से बरसी लेकिन दूसरी बारिश सरकार ने बरसाई। जी हां, बुधवार को उचाना मंडी में आयोजित धन्यवाद रैली के मंच से सीएम नायब सिंह सैनी ने घोषणाओं की बरसात कर दी। उचाना क्षेत्र को 103 करोड़ रुपए की सौगात मिली। इनमें जलमार्गों की रिमॉडलिंग, स्वास्थ्य केंद्र अपग्रेड, गली, नाले, सड़कों के निर्माण की सौगातें शामिल हैं।
सीएम नायब सिंह सैनी ने 28 करोड़ 54 लाख रुपये लागत के तीन उद्घाटन और 74 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत के दो शिलान्यास किए। सीएम ने रैली के मंच से बताया कि उचाना क्षेत्र में पिछले 11 साल के दौरान 78 घोषणाएं की गई हैं, जिनमें से 58 घोषणा पूरी हो चुकी हैं और 15 घोषणाओं पर इस समय काम चल रहा है। सीएम ने बताया कि उचाना के छह जलमार्गों की रीमाडलिंग और रिहैबिलिटेशन करवाई जाएगी। ग्राम पंचायत उचाना खुर्द में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का निर्माण होगा। करसिंधु के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड किया जाएगा, जिस पर लगभग 20 करोड रुपये का खर्च आएगा।
Haryana news Uchana : इस गांव को मिला महाग्राम का दर्जा
उचाना की रैली के मंच से सीएम नायब सिंह सैनी ने करसिंधु को महाग्राम का दर्जा देने की घोषणा करते हुए कहा कि 50 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न कार्यों पर खर्च होगी। साथ ही उचाना हलके के हर गांव में ई-लाइब्रेरी, जिम बनाई जाएंगी। खटकड़ के साथ लगते गांव बरसौला सब माइनर आरडी-19000 से 6500 का पुनर्वास करवाया जाएगा। 9 करोड़ रुपए से उचाना शहर की पुरानी, अधूरी सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करवाया जाएगा। नई अतिरिक्त अनाज मंडी मार्केट कमेटी के भवन का निर्माण होगा। हलके की सभी पुरानी और जर्जर सड़कों की रिपेयरिंग कर उन्हें चौड़ा करवाया जाएगा।

Haryana news : घोषणाओं के अलावा भी हलके को मिले 5 करोड़ रुपए
सीएम नायब सिंह सैनी ने घोषणाओं के अलावा भी 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा राह्मण धर्मशाला, बैकवर्ड समाज की धर्मशाला और अग्रवाल समाज की धर्मशाला के लिए मुख्यमंत्री ने 11-11 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। ढाकल हैड और बरसोला माइनर की विधायक देवेंद्र अत्री की मांग को पूरा करने का आश्वासन देते हुए कहा कि ऐसा कोई काम नहीं है जो हो नहीं सकता है। इसको लेकर एक कमेटी बनाई जाएगी जिसकी रिपोर्ट आने के बाद इसको आगे बढ़ाया जाएगा।
उचाना क्षेत्र में इस समय चल रहे ये काम
सीएम ने बताया कि उचाना विधानसभा की 122 किलोमीटर की 146 सड़कों की जो डीएलपी की अवधि में है, आवश्यकता अनुसार संबंधित एजेंसी से उनको ठीक करवाया जाएगा। 15 किलोमीटर की सात सड़कों का निर्माण प्रगति पर है और तीन किलोमीटर की दो सड़कों की 51 लाख 61 हजार की लागत से स्पेशल रिपेयर करवाई जाएगी। उचाना विधानसभा क्षेत्र में लोक निमार्ण विभाग की 32 करोड 75 लाख रूपये की लागत से 18 सड़कों की विशेष मरम्मत एवं नवीनीकरण करवाया जाएगा।

इन सडकों की कुल लंबाई 68 किलोमीटर है। 617 किलोमीटर की 146 सड़कें जो अभी डीएलपी की अवधि में है, एजेंसी द्वारा ठीक करवाया जाएगा। 392 किलोमीटर की 88 सड़कों का निर्माण प्रगति पर है। विधानसभा क्षेत्र की 54 किलोमीटर की 10 सड़कों की 26 करोड़ रुपये की लागत से स्पेशल रिपेयर का कार्य करवाया जाएगा। उचाना विधानसभा के खेत खलिहान के लिए 25 किलोमीटर लंबाई तक के कच्चे रास्तों को पक्का कराया जाएगा।










