Indore metropolitan : देश की क्लीन सिटी का होगा विस्तार आसपास के शहर भी होंगे शामिल
सरकार ने बनाई महत्वपूर्ण योजना, मूर्त रूप देने की तैयारी शुरू
Indore metropolitan : देश में क्लीन सिटी के नाम से मशहूर इंदौर का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए मध्यप्रदेश सरकार द्वारा इंदौर में मेट्रोपोलिटन नक्शा भी तैयार कर लिया है। इससे यह शहर 14000 वर्ग किलोमीटर में हो जाएगा। ऐसा होने से आसपास के शहर भी इसकी जद में आ जाएंगे।
इस योजना पर लंबे समय से काम चल रह है और अब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इंदौर का अपना एक रोल है। इंदौर में मेट्रोपोलिटन का नक्शा बनाया गया है। यह भविष्य की योजना को साकार करेगा। मेट्रोपालिटन का जो नक्शा बना है, वह 14 हजार किलोमीटर का है। इंदौर से लेकर रतलाम और रतलाम से लेकर शाजापुर तक आसपास के क्षेत्र में यह मेट्रोपोलिटन का नक्शा इंदौर-भोपाल के साथ क्लीन सिटी के रूप में जुड़ाव करेगा।
उन्होंने कहा कि भविष्य की दृष्टि से महानगर की श्रेणी में इंदौर का जो क्षेत्र बनेगा उसी आधार पर भविष्य की इमारतें भी तैयार होंगी। इससे निर्माण का अगला पड़ाव तय होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को इंदौर में आयोजित शून्य से शिखर सम्मान -2025 में शिरकत करते हुए इसको लेकर जानकारी दी।
Indore metropolitan : भूमिगत ही होगी मेट्रो ट्रेन
इस दौरान इंदौर की मेट्रो ट्रेन परियोजना के बारे में भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थिति स्पष्ट कर दी। उन्होंने बताया कि मेट्रो ट्रेन को भूमिगत भी चलाया जाएगा। इस कार्य में आने वाला खर्च सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि शहर की खूबसूरती को किसी भी कीमत पर ख़त्म नहीं होने देंगे। हालांकि एलिवेटेड रोड भी बनाए जाएंगे। इससे लोगों को सुविधा मिलने के साथ रास्ते भी खुलेंगे। उन्होंने कहा कि पांच साल के अंदर विकास परक बजट डबल किया जाएगा। अभी नए अवसर तलाशने और बेहतर तकनीक से जुड़ने की आवश्यकता है।
Indore metropolitan : हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की तैयारी
मुख्यमंत्री डा. मोदन यादव ने कहा कि ड्रोन टेक्नोलाजी से लेकर सेमी कंडक्टर, आईटी से लेकर हेल्थ तक, इंफ्रास्ट्रक्चर से वेलनेस और टूरिज्म तक जैसे क्षेत्र में आगे बढ़ने की तैयारियां की जा रही हैं। मध्यप्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने में सरकार किसी भी स्तर पर पीछे नहीं रहेगी। यह इंदौर की भविष्य की योजना है और इसको साकार किया जाएगा।
Indore metropolitan : मेट्रो परियोजना पर 800 -900 करोड़ खर्च
इस दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना के रूट पर बैठक में विस्तृत चर्चा की। मूल प्रस्ताव संशोधित होने के बाद भी समस्याएं बनी रहने पर सुझाव आया कि इसके मुख्य हिस्से को पूरी तरह भूमिगत किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे मंजूरी देते हुए काम आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने बताया कि मेट्रो का प्रमुख हिस्सा भूमिगत करने के लिए राज्य सरकार 800–900 करोड़ रुपये देगी।

Indore metropolitan : एलिवेटेड कारिडोर के निर्माण में तेजी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एलिवेटेड कारिडोर के निर्माण में तेजी लाने काे कहा। उन्होंने कहा कि इसको जल्द प्रारंभ करवाया जाए। एलिवेटेड कारिडोर के जंक्शन, रोटरी, लंबाई जैसे विषयों तकनीकी व जनप्रतिनिधियों की बैठक कर अंतिम डिज़ाइन तय करने को लेकर भी आदेश दिए गए । बैठक में बीआरटीएस हटने के बाद शहर में नए वैज्ञानिक ट्रैफिक सर्वे के आधार पर एकीकृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने का फैसला किया गया।
Indore metropolitan : 14000 वर्ग किमी होगा मेट्रोपालिटन
इंदौर के भविष्य को लेकर हुई बैठक में इंदौर मेट्रोपालिटन क्षेत्र के विस्तार को लेकर फैसला लिया गया। इसमें उज्जैन, देवास, धार, रतलाम, नागदा, बदनावर और शाजापुर व मक्सी जैसे क्षेत्रों के साथ करीब 14000 वर्ग किलोमीटर में विस्तार करने पर योजना बनाई गई। इंदौर मेट्रोपालिटन क्षेत्र में एक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और उज्जैन व रतलाम के भविष्य के एयरपोर्ट जोड़े जाने की भी योजना बनाई गई। इस प्रस्ताव के बाद इंदौर महानगर में कुल तीन एयरपोर्ट शामिल हो जाएंगे। इसके अलावा 5 बड़े रेलवे जंक्शन भी जुड़ेंगे। दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस- वे, दिल्ली–मुंबई इंडस्ट्रियल कारिडोर, इंदौर–मनमाड़ रेल लाइन को आधार बनाकर इंदौर को देश का बड़ा व्यापार–उद्योग और पर्यटन हब बनाने की योजना पर भी चर्चा की गई।










