Education news : सरकारी स्कूलों में अब जर्मन भाषा की तैयारी, शिक्षकों से मांगी ये रूचि
हरियाणा डायरी, चंडीगढ़।
Education news : हरियाणा के सरकारी स्कूलों में अब विदेशी भाषाओं की पढ़ाई को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शिक्षा विभाग ने जर्मन भाषा कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। इसके तहत सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों से जर्मन भाषा सीखने और पढ़ाने के लिए रुचि मांगी गई है।
शिक्षा विभाग ने इस संबंध में MIS पोर्टल पर विशेष मॉड्यूल तैयार किया है, जहां शिक्षक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह प्रक्रिया विशेष रूप से टीजीटी, पीजीटी, सोशल स्टडीज और अंग्रेजी विषय के शिक्षकों के लिए शुरू की गई है।
विभाग की योजना के अनुसार चयनित शिक्षकों को पहले जर्मन भाषा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन शिक्षकों को स्कूलों में विद्यार्थियों को जर्मन भाषा पढ़ाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की भाषाई जानकारी मिलेगी और भविष्य में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
Education news : टीचर्स से मांगी रूचि की डिटेल
आवेदन करने वाले शिक्षकों को अपनी भाषा संबंधी जानकारी, नवीनतम फोटो, हस्ताक्षर और शैक्षणिक योग्यता से जुड़े दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। आवेदन के दौरान यह भी पूछा जाएगा कि शिक्षक पहले से किसी विदेशी भाषा का ज्ञान रखते हैं या नहीं तथा भविष्य में जर्मन भाषा को शिक्षण विषय के रूप में अपनाने के इच्छुक हैं या नहीं।
विभागीय निर्देशों के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। शिक्षकों को आवेदन फॉर्म भरने के साथ-साथ शैक्षणिक रिकॉर्ड, अनुभव प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी जमा कराने होंगे। इसके लिए पोर्टल पर स्कैन और पीडीएफ फाइल अपलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
शिक्षा विभाग के इस नए प्रयास को सरकारी स्कूलों में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को विदेशी भाषाओं की पढ़ाई का अवसर मिलेगा और शिक्षा का स्तर भी बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।










