KMP Expressway : हर 500 मीटर पर स्मार्ट कैमरा, बिना रुके कटेगा टोल और होगी 24×7 निगरानी
हरियाणा डायरी, गुरुग्राम।
KMP Expressway Update : देश के सबसे महत्वपूर्ण एक्सप्रेसवे में शामिल कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे को अब पूरी तरह हाईटेक और स्मार्ट बनाने पर काम शुरू हो गया है। एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए हर 500 मीटर की दूरी पर स्मार्ट कैमरे लगाए जाएंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा इस योजना पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
NHAI के अधिकारियों के अनुसार केएमपी एक्सप्रेसवे पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लागू किया जा रहा है, जिसके तहत आधुनिक कैमरे, सेंसर और निगरानी उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इससे एक्सप्रेसवे पर होने वाली हर गतिविधि पर रियल टाइम नजर रखी जा सकेगी। दरअसल दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पुराने डीजल वाहनों पर लगातार सख्ती बढ़ाई जा रही है।
ऐसे में केएमपी एक्सप्रेसवे पर स्मार्ट कैमरों की स्थापना का एक बड़ा उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान करना भी है। कैमरे वाहन नंबर प्लेट को स्कैन कर उनकी जानकारी रिकॉर्ड करेंगे, जिससे प्रतिबंधित या नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर तत्काल कार्रवाई संभव होगी।

KMP Expressway Update : बिना रुके कटेगा टोल, सफर होगा आसान
परियोजना के तहत भविष्य में मानव रहित टोल प्रणाली लागू करने की भी तैयारी है। इस तकनीक के लागू होने के बाद वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। कैमरे और ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक की मदद से वाहन की पहचान कर टोल राशि स्वतः काट ली जाएगी।
इस व्यवस्था से न केवल समय की बचत होगी बल्कि टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों और जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। साथ ही ईंधन की खपत और प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।
KMP Expressway Update : मानेसर-पलवल सेक्शन पर शुरू हुआ काम
सूत्रों के अनुसार मानेसर-पलवल खंड पर कार्य शुरू हो चुका है, जबकि कुंडली-मानेसर हिस्से के लिए भी दो बड़े टेंडर जारी किए गए हैं। परियोजना के चरणबद्ध तरीके से पूरा होने के बाद पूरे एक्सप्रेसवे की निगरानी व्यवस्था अत्याधुनिक हो जाएगी। स्मार्ट कैमरों की मदद से सड़क दुर्घटनाओं, गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग और अन्य यातायात नियम उल्लंघनों पर तत्काल निगरानी रखी जा सकेगी। किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम को तुरंत सूचना मिल जाएगी, जिससे राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किए जा सकेंगे।
KMP Expressway Update : एनसीआर की लाइफलाइन बनेगा
135 किलोमीटर लंबा केएमपी एक्सप्रेसवे दिल्ली के बाहरी क्षेत्रों में भारी वाहनों के दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रतिदिन हजारों वाहन इस मार्ग का उपयोग करते हैं। नई तकनीक के जुड़ने से यह एक्सप्रेसवे न केवल अधिक सुरक्षित होगा, बल्कि देश के सबसे आधुनिक एक्सप्रेसवे में भी शामिल हो जाएगा।










