Nuh Police Action : दूल्हे ने नोटों की माला पहनी तो पुलिस करेगी हिसाब
नूहं पुलिस ने लगातार बढ़ रहे मामलों के बीच लिया फैसला
Nuh Police Action : शादियों में नोटों की माला पहन कर अपना रूतबा दिखाना अब दूल्हे राजा को महंगा पड़ सकता है। क्योंकि ऐसा होने पुलिस कार्रवाई करेगी। लगातार ऐसे मामले आने पर नूंह पुलिस ने आदेश दिए हैं कि शादियों में दूल्हे को नोटों की माला का दिखावा नहीं किया जाए। ऐसे में रस्म के नाम पर होने वाले इस दिखावे पर अब ब्रेक लगने जा रहे हैं।
दरअसल नूंह क्षेत्र में दूल्हे को अधिक से अधिक नोटों की माला डाल कर दिखावा करने का चलन है। ऐसे में शादियों में करोड़ों रुपये की नकदी और नोटों की मालाओं से प्रदर्शन किया जाता है। ऐसा करने वालों पर अब कानून की सख्ती हाेने जा रही है। पिछले कई दिनों से यह मामला सोशल मीडिया में उछल रहा था।
एसपी बोले रखी जाएगी नजर
शादियों में पैसे का दिखावा करने वालों पर अब पुलिस की निगरानी रहेगी। नूंह के एसपी डॉ. अर्पित जैन ने निर्देश जारी किए हैं कि जो लोग शादियों में इस प्रकार का दिखावा करते हैं और वीडियो बना कर इसका प्रचार करते हैं, उन पर पुलिस की खास नजर रहेगी। अब पुलिस ने निर्देश दे दिया कि कोई भी मोटी रकम बिना रिकार्ड दिखाने पर जानकारी ली जाएगी कि पैसे का सोर्स क्या है।
अवैध पैसे की चमक और अपराध की ओर जा रहा युवा
पुलिस का कहना है कि पहले माला पहनाने वाले से इस पैसे का सोर्स पूछा जाएगा। ऐसे में यदि आरोपि इसका सोर्स बताने में सक्षम नहीं होता है तो पुलिस द्वारा काले धन और टैक्स चोरी के नियमों के तहत कार्रवाई करेगी। पुलिस द्वारा कहा गया है कि मोटी रकम की माला किराये पर उपलब्ध करवाई जाती है। यह एक प्रकार से धंधा बन गया है। इसके कारण युवा दिखावा अवैध पैसे की चमक के साथ अपराध की ओर आकर्षित होता है।
कई वीडियो हो चुके हैं वायरल
इस प्रकार के मामलों में कई वीडिया वायरल हो चुके हैं। वहीं दैनिक जागरण के अनुसार यह खेल अवैध पैसे के साथ किराये की माला से चलता है। ऐसे में पुलिस का कहना है कि दूल्हे को लाखों रुपये की माला पहनाने के वीडियो आने पर संभावना है कि अवैध लेन-देन या फिर टैक्स चोरी और काले धन का प्रचलन हो रहा हो। ऐसे में पुलिस ऐसे मामलों में जांच करेगी।
खाप पंचायतों ने भी दिखावे का किया विरोध
इस मामले में खाप पंचायतें भी पहले से शादियों में दिखावे और फिजूलखर्ची का विरोध कर रही है। माजरा खाप के प्रवक्ता समुंद्र सिंह फोर के अनुसार खाप सभी प्रकार की सामाजिक बुराइयों का विरोध करती हैं। शादियों सहित अन्य किसी भी मौके पर दिखावा नहीं होना चाहिए। हां अपनी परंपराएं हैं, लेकिन इनको पैसे में नहीं तोला जा सकता। ऐसे में खापों का प्रयास रहेगा कि लोगों को फिजूलखर्ची बंद करने के लिए प्रेरित करेंगी।
6 मई को हुई शादी बनी थी चर्चा का विषय
गौरतलब है कि हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना में शादी के दौरान नोटों की माला को लेकर हुआ विवाद चर्चा का विषय बन गया था। क्योंकि पुन्हाना क्षेत्र के नेहदा गांव में यह विवाद हुआ था। नहदा निवासी पप्पू की शादी अली मेव गांव में तय हुई थी। पप्पू की बारात रवाना होते समय पप्पू के जीजा नयूम ने उसको करीब 25 लाख रुपये के नोटों की माला डाली थी। इस पर पप्पू के दूसरे जीजा और नयूम के साढ़ू ने अपनी माला आने की बात कहते हुए बारात को रोक लिया।
की जा रही रोकने की मांग
इसको लेकर ही दोनों साढूओं के बीच कहासुनी हो गई और देखते यह बड़ा विवाद हो गया। इसके वीडियो काफी वायरल हुए थे। इस घटना के बाद से ही इस प्रकार के प्रदर्शन के बाद क्षेत्र के समाजसेवियों द्वारा इसको रोकने की मांग की जा रही थी। ऐसे में अब पुलिस ने इस पर अपना रूख साफ कर दिया है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस प्रकार के दिखावे पर रोक लग सकती है।










