Haryana E-bus : हरियाणा का नया ई-बस मॉडल, 17 रूटों पर शुरू होगी हाईटेक इलेक्ट्रिक बस सेवा
हरियाणा डायरी, पानीपत। हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा (Haryana E-bus) कदम सरकार ने उठाया है। पानीपत रोडवेज डिपो को जल्द ही 45 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिलने जा रही है। इन ई-बसों का संचालन जिले के 17 प्रमुख रूटों पर किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सस्ता, आरामदायक और प्रदूषण मुक्त सफर मिल सकेगा।
सबसे खास बात यह भी है कि करनाल तक का किराया केवल 50 रुपये और सिंघु बॉर्डर तक का किराया 90 रुपये तय किया गया है। वहीं शहर के भीतर 5 किलोमीटर तक यात्रा करने वाले यात्रियों को मात्र 10 रुपये खर्च करने होंगे।
रोडवेज विभाग के अनुसार ये ई-बसें रोजाना सुबह 6 बजे से चलना शुरू करेंगी और हर 30 मिनट बाद बस सेवा उपलब्ध होगी। इससे ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्र और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
Haryana E-bus : पानीपत बनेगा हरियाणा का पहला बड़ा ई-बस हब
पानीपत डिपो में ई-बसों के लिए विशेष चार्जिंग स्टेशन और आधुनिक कैंपस तैयार किया जा रहा है। रोडवेज परिसर में बसों की पार्किंग, चार्जिंग और मेंटेनेंस के लिए अलग व्यवस्था बनाई गई है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से करीब 1000 कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की गई है, ताकि ई-बस संचालन सुचारु रूप से चल सके।
Haryana E-bus : इन प्रमुख रूटों पर चलेगी सेवा
- नई ई-बस सेवा पानीपत से करनाल, गोहाना, सिंघु बॉर्डर, शामली और शहर के विभिन्न इलाकों तक संचालित होगी। यात्रियों को पहले की तुलना में ज्यादा तेज और नियमित सेवा मिलेगी।
- करनाल रूट पर 5 बसें
- गोहाना रूट पर 6 बसें
- सिंघु बॉर्डर रूट पर 4 बसें
- शामली रूट पर 8 बसें
- शहर के लोकल रूटों पर भी कई बसें चलाई जाएंगी
Haryana E-bus : यात्रियों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं
ई-बसों में आरामदायक सीटें, जीपीएस ट्रैकिंग, डिजिटल टिकटिंग और सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों के लिए सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक बनने की उम्मीद है। डीजल बसों की तुलना में ई-बसें पूरी तरह प्रदूषण मुक्त मानी जाती हैं। इससे शहर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। साथ ही यात्रियों को कम खर्च में बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।










