Vita outlets : वीटा का नया प्रयोग, अब दूध के साथ दालें भी मिलेंगी एक ही छत के नीचे

हरियाणा डायरी, चंडीगढ़। हरियाणा में वीटा आउटलेट (Vita outlets) अब दूध के साथ किराना हब भी बनेंगे। वीटा अब रसोई का नया भरोसा बनने जा रहा है, यहां दूध के अलावा दाल भी किफायती रेटों पर उपलब्ध होगी। उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री किफायती दरों पर उपलब्ध कराने की दिशा में वीटा मिल्क प्लांट ने एक नई पहल शुरू की है।

अब वीटा के बूथों पर दूध और दुग्ध उत्पादों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की दालों की बिक्री भी शुरू कर दी गई है। इस कदम का उद्देश्य आम लोगों को एक ही स्थान पर दैनिक उपयोग की जरूरी खाद्य वस्तुएं उपलब्ध कराना और बाजार की तुलना में बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।

वीटा प्रबंधन के अनुसार मूंग धुली, मूंग छिलका, राजमा चित्रा, मूंग साबुत, अरहर दाल, काला चना, सफेद चना तथा विभिन्न किस्मों के राजमा अब वीटा के आउटलेट पर मिल सकेंगे। इन उत्पादों को वीटा के बिक्री केंद्रों और बूथों पर सुव्यवस्थित तरीके से रखा गया है ताकि उपभोक्ताओं को खरीदारी में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Vita outlets : इन रेटों पर मिलेंगी दालें

दाल का नाम रेट (रुपये प्रति किलो)
मूंग धुली ₹139
मूंग छिलका ₹129
राजमा चित्रा ₹137
मूंग साबुत ₹121
अरहर दाल ₹149
काला चना ₹88
सफेद चना ₹100
राजमा अंगोरा ₹105
राजमा लाल ₹121

वीटा मिल्क प्लांट के मार्केटिंग मैनेजर राकेश का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं तक शुद्ध और भरोसेमंद खाद्य सामग्री पहुंचाना है। दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता के लिए पहचान रखने वाला वीटा अब खाद्य वस्तुओं के क्षेत्र में भी अपने विश्वास को मजबूत करना चाहता है। इसी सोच के तहत दालों की बिक्री शुरू की गई है, जिससे ग्राहकों को अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध हो सकें।

वीटा प्रबंधन ने बताया कि उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया और मांग के आधार पर भविष्य में अन्य खाद्य सामग्री को भी वीटा बूथों पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए विभिन्न उत्पादों की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यदि यह पहल सफल रहती है तो आने वाले समय में वीटा केंद्र दैनिक जरूरतों की कई अन्य वस्तुओं के लिए भी सुविधाजनक खरीदारी केंद्र बन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button